YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

फेसबुक विज्ञापनों पर खर्च के मामले में अन्य दलों से काफी आगे निकली भाजपा

फेसबुक विज्ञापनों पर खर्च के मामले में अन्य दलों से काफी आगे निकली भाजपा

फेसबुक पर राजनीतिक विज्ञापनों के खर्च के लिहाज से भाजपा चुनाव के पहले अन्य दलों से काफी आगे निकल गई है। हालांकि, यह विज्ञापनों का शुरुआती दौर है और चुनाव निकट आने तक राजनीतिक दलों का खर्च बहुत बढ़ जाएगा। फेसबुक की ओर से फरवरी के उपलब्ध कराए गए डेटा के अनुसार, भाजपा और उसके सहयोगियों की राजनीतिक विज्ञापनों पर कुल खर्च में 50 फीसदी से अधिक की हिस्सेदारी रही है। जबकि, कांग्रेस और उसके सहयोगी दल तीसरे स्थान पर हैं। क्षेत्रीय दल खर्च के लिहाज से दूसरे पायदान पर हैं। 
राजनीतिक विज्ञापनों पर इस खर्च की गणना में सहयोगियों में एक पार्टी के व्यक्ति, मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के नेताओं के साथ ही वे संगठन भी हैं, जो एक विशेष दल को समर्थन देने के लिए कहते हैं। भाजपा के चुनाव से संबंधित प्रचार से जुड़े नेताओं ने बताया कि चुनाव प्रचार समाप्त होने तक पार्टी के विज्ञापनों पर कुल खर्च में सोशल मीडिया की हिस्सेदारी 20-25 फीसदी होगी। 
भाजपा और उसके सहयोगियों ने फरवरी में फेसबुक पर 2.37 करोड़ रुपए खर्च किए। क्षेत्रीय दलों का खर्च 19.8 लाख रुपए और कांग्रेस और उसके सहयोगियों का 10.6 लाख रुपए रहा। क्षेत्रीय दलों में बीजू जनता दल, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी, तेलुगु देशम पार्टी, वाईएसआर कांग्रेस और शिव सेना ने बड़ा खर्च किया। ब्रैंड कंसल्टेंट हरीश बिजूर ने बताया सोशल मीडिया पर विज्ञापन का यह खर्च केवल एक झलक है। भाजपा का जोर मार्केटिंग पर रहता है। वे ब्रैंड बिल्डिंग और सोशल मीडिया पर विश्वास करते हैं। 
डेटा से पता चलता है कि माई गवर्नमेंट जैसे सरकारी डिपार्टमेंट्स और डिजिटल इंडिया जैसे कैम्पेन का भी फेसबुक पर 35 लाख रुपए से अधिक खर्च रहा। यह डेटा फेसबुक ने अपनी एड आर्काइव रिपोर्ट के हिस्से के तौर पर उपलब्ध कराया है। इस रिपोर्ट में 5,000 रुपए से अधिक के राजनीतिक विज्ञापनों पर खर्च को ही लिया गया है। फेसबुक ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू होने से पहले राजनीतिक विज्ञापनों के लिए कड़े नियम बनाए हैं। भारतीय राजनीति से जुड़े फेसबुक पर सभी विज्ञापनों को कंपनी के ऑथराइजेशन प्रोसेस का पालन करना होगा। राजनीतिक विज्ञापनों में अब उनके प्रशासकों और फंड देने वालों के विवरण भी दिखेंगे। 
भाजपा के नेताओं का कहना है कि भाजपा के सोशल मीडिया पर विज्ञापन के बजट का बड़ा हिस्सा फेसबुक और उसके फोटो शेयरिंग प्रॉडक्ट इंस्टाग्राम को मिलने की उम्मीद है। फेसबुक विज्ञापनों के जरिए भाजपा के आधिकारिक चुनाव प्रचार में पार्टी का पेज भारत के मन की बात प्रमुख है। इस पर फरवरी में 1 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए गए। 

Related Posts