YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन रीजनल

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, टूट सकता है 118 साल का रिकॉर्ड लंदन से ठंडी दिल्ली की रात

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, टूट सकता है 118 साल का रिकॉर्ड  लंदन से ठंडी दिल्ली की रात

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, टूट सकता है 118 साल का रिकॉर्ड 
राजस्थान में जमी बर्फ, कानपुर में टूटा 46 साल का रिकॉर्ड
यूपी में शीतलहर और ठंड से 31 लोगों की मौत
नई दिल्ली (ईएमएस)। दिसंबर में इस बार जो शीतलहर जारी है वह ऐतिहासिक है। यह दिसंबर पिछले 100 सालों के दौरान दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर बनने जा रहा है। 1901 से 2018 तक सिर्फ चार मौकों पर दिसंबर का अधिकतम औसत तापमान 20 डिग्री से नीचे गया है। इस साल यह 26 दिसंबर तक 19.85 डिग्री है, जबकि 31 दिसंबर तक यह महज 19.15 डिग्री ही रह सकता है। शीत लहर का यह प्रकोप अभी 30 दिसंबर तक बना रहेगा। इससे पहले 1907 में दिन का औसत तपमान दिसंबर में 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। नए साल पर बाहर जाकर सिलेब्रेट करने की योजना बनाने वालों के लिए भी एक बुरी खबर है। नए साल का आगाज ओलावृष्टि के साथ हो सकता है। 1 और 2 जनवरी 2020 को ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 जनवरी तक हिल स्टेशनों में भी भयंकर बर्फबारी होगी। राजस्थान के फतेहपुर में रात का तापमान 0 से 3 डिग्री के बीच और सीकर में 0 से नीचे पहुंच रहा है।
1997 में टूटा था ठंड का रिकॉर्ड
उत्तर पश्चिमी हवाएं लगातार दिल्ली आ रही हैं और ऊपरी सतह पर बादल छाए हुए हैं। जिसकी वजह से धूप धरती तक नहीं पहुंच पा रही है। इसी वजह से दिन के समय ठंड कम नहीं हो रही है। 31 दिसंबर से तापमान में कुछ सुधार हो सकता है। लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिन के पूर्वानुमान के आधार पर इस महीने का अधिकतम औसत तापमान 19.15 डिग्री रह सकता है। यदि ऐसा हुआ तो 1901 के बाद यह दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर बन जाएगा। इससे पहले 1997 में दिसंबर इस सदी में सबसे ठंडा रहा था जब औसत अधिकतम तापमान महज 17.3 डिग्री दर्ज हुआ था।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
हाड़ कांप वाली ठंड और घने कोहरे को देखते हुए मौसम विभाग ने 29 दिसंबर तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। इस शीतलहर के 11वें दिन सफदरजंग अस्पताल के पास अधिकतम तापमान 13.4डिग्री, पालम में 11.8 डिग्री और दिल्ली यूनिवर्सिटी में 12.6 डिग्री रेकॉर्ड किया गया। दिल्ली में घने कोहरे के चलते दृश्यता सुबह 8:30 बजे के आसपास 700 मीटर थी। इसके चलते ट्रेनों का आवागमन और विमानों का संचालन भी प्रभावित है। इस सीजन में दिल्ली में 18 दिसंबर को अधिकतम तापमान महज 12.2 डिग्री तक पहुंच गया था। यह 22 सालों के अधिकतम तापमान का रेकार्ड था।
राजस्थान में जमी बर्फ!
राजस्थान में कई स्थानों पर रात का तापमान एक डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस तक रहा है। शेखावटी अंचल में सर्दी जोरों पर है। सीकर जिले में गुरुवार को पारा जमाव बिंदु पर पहुंच गया। इससे पेड़ों पर पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ बर्फ जमने लग गई है। शेखावटी क्षेत्र में चुरू, सीकर, झुंझनू जिले और निकटतम क्षेत्र आते हैं। राजस्थान के एक मात्र पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र माउंट आबू में तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चुरू, वनस्थली, बीकानेर, गंगानगर और अजमेर में रात का तापमान क्रमश: 1.3, 3.2, 3.7, 3.9 और 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
यूपी में 31 की मौत, लंदन से सर्द दिल्ली की रात
उत्तर भारत में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक हाड़ कंपाती ठंड का कहर जारी है। लद्दाख का द्रास दक्षिणी ध्रुव के अंटार्कटिका से भी ज्यादा ठंडा रहा वहीं राजधानी दिल्ली की रात लंदन से अधिक सर्द थी। द्रास में न्यूनतम तापमान -30.2 डिग्री दर्ज किया जबकि अंटार्कटिका का न्यूनतम तापमान -26 डिग्री रहा। इसी तरह दिल्ली के पालम में पारा लुढ़क कर 5.4 डिग्री पर पहुंच गया जबकि ब्रिटेन की राजधानी लंदन में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री रहा। वहीं दिल्ली के सफदरजंग में भी न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया।

कानपुर में 48 साल का रिकॉर्ड टूटा
बुंदेलखंड व सेंट्रल यूपी में ठंड से 31 लोगों की मौत हो गई। कानपुर में सबसे ज्यादा 20 लोगों की जान गई है। खास बात यह है कि गुरुवार को कानपुर में 48 वर्ष बाद इतनी ठंड पड़ी है। यहां का अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 1971 में 26 दिसंबर को 11.2 डिग्री रिकार्ड किया गया था। उधर, हमीरपुर जिले में मौदहा विकासखंड क्षेत्र के भैंसमरी गांव में गोसंरक्षण केंद्र में बंद पांच मवेशियों की ठंड से मौत हुई है। वहीं, कई जिलों में न्यूनतम तापमान में बेहद गिरावट दर्ज की गई है। इटावा में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रहा। हमीरपुर, उन्नाव व फर्रुखाबाद में चार डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 

श्रीनगर में तापमान शून्य से पांच डिग्री नीचे
बीती रात श्रीनगर की सबसे ठंडी रात रही जहां तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा कि शीतकालीन राजधानी जम्मू में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि मौसम के औसत तापमान से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम था। द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से 30.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा और अधिकतम तापमान शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि लेह में तापमान शून्य से 18 डिग्री सेल्सियस कम रहा। दक्षिण कश्मीर में बर्फ से ढके पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा जबकि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 11.2 डिग्री सेल्सियस कम और कुपवाड़ा में शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

Related Posts