YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

इस बार हर विधानसभा में पिकनिक स्पॉट जैसा होगा एक मतदान केंद्र 

इस बार हर विधानसभा में पिकनिक स्पॉट जैसा होगा एक मतदान केंद्र 

इस बार हर विधानसभा में पिकनिक स्पॉट जैसा होगा एक मतदान केंद्र 
 इस बार दिल्ली की हर विधानसभा में पिकनिक स्पॉट की तरह मतदान केंद्र होंगे। दिल्ली की 70 विधानसभाओं में एक-एक मतदान केंद्र ऐसे बनाए जाएंगे, जहां सभी कर्मचारी महिलाएं होंगी और ये पिंक बूथ होंगे। दिल्ली वालों ने सबसे पहले पिंक बूथ पिछले लोकसभा चुनाव में देखे थे। उस दौरान पूरे देश में ये बूथ काफी चर्चाओं में रहे थे। इस बार भी महिलाओं का मतदान प्रतिशत बढ़ाने और नारी सशक्तिकरण को लेकर दिल्ली चुनाव कार्यालय इसकी तैयारी में जुटा है। यहां तैनात होने वाले सुरक्षा जवान भी महिलाएं ही होंगी। पिकनिक स्पॉट की तरह यहां सेल्फी पाइंट से लेकर बच्चों के खेलने के झूले इत्यादि भी देखने को मिल सकते हैं। इतना ही नहीं पिछली बार की तरह फिर इन मतदान केंद्र पर मेहंदी लगाती महिलाएं, मतदान करने वाली को टेडी बियर गिफ्ट, गुलाब का फूल इत्यादि भेंट किए जा सकते हैं।
दिल्ली के मुख्य निवार्चन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में एक मॉडल मतदान केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसका पूरा संचालन महिला कर्मचारियों के जरिए किया जाएगा। इसके अलावा 11 जिलों में एक एक मतदान केंद्र ऐसे भी होंगे, जहां दिव्यांग कर्मचारियों के हाथ में सभी गतिविधियां होंगी। बूथ के बाहर पिंक यानि गुलाब रंग के गुब्बारे इत्यादि सजाए जाएंगे। सूत्रों की मानें तो महिला कर्मचारियों की ड्रेस भी गुलाबी रंग की हो सकती है। दिल्ली चुनाव कार्यालय के अनुसार इस बार पोस्टल बैलेट को लेकर भी पहली बार बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता के अलावा मेट्रो, रेलवे और मीडियाकर्मी को सुविधा दी जा रही है। इस बार उत्तरी रेलवे, दिल्ली मेट्रो कर्मी और चुनाव में लगे मीडिया कर्मी जो मतदान के दिन वोट करने नहीं जा सकते, उन्हें वोट करने के लिए पोस्टल बैलेट का अधिकार दिया गया है। 14 से 19 जनवरी तक इसके लिए फॉर्म 12डी भरकर देना होगा। हालांकि चुनाव कार्यालय की अपील है कि जो लोग मतदान केंद्र तक जा सकते हैं वे वहीं जाकर अपना वोट दें।

Related Posts