YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

एयर इंडिया की फ्लाइट से जोधपुर में गायब हुआ एक यात्री, 45 मिनट विलम्ब से रवाना हो सका विमान

एयर इंडिया की फ्लाइट से जोधपुर में गायब हुआ एक यात्री, 45 मिनट विलम्ब से रवाना हो सका विमान

एयर इंडिया की फ्लाइट से मंगलवार को मुंबई से वाया दिल्ली जा रही फ्लाइट का एक यात्री जोधपुर में गायब हो गया। जयपुर तक की यात्रा करने वाले इस यात्री के इस तरह जोधपुर में गायब होने को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक बताया जा रहा है। इस कारण अन्य सभी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और यह फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब 45 मिनट विलम्ब से जयपुर के लिए उड़ान भर सकी।  मुंबई से आज सवा ग्यारह बजे एयर इंडिया की एक फ्लाइट 150 यात्रियों के साथ जोधपुर पहुंची। इसमें से जोधपुर के करीब 75 यात्री यहीं पर उतर गए। शेष यात्रियों के साथ पौने बारह बजे जब यह जयपुर के लिए रवाना होने लगी तो विमान में यात्रियों की गणना की गई। इसमें एक यात्री कम मिलने पर फ्लाइट को रोक दिया गया और जांच शुरू की गई। पता चला मुंबई से जयपुर तक की यात्रा करने वाला एक यात्री गायब है। एयरपोर्ट पर उसकी खोजबीन की गई, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। थक हार अधिकारियों ने उसे फोन किया। इस पर यात्री ने बताया कि वह जोधपुर का निवासी है और यहीं पर उतर गया। जब उसे नियमों का हवाला दिया गया तो उसने बताया कि पिता की तबीयत एकदम बिगड़ गई। इसकी जानकारी मिलते ही वह अन्य यात्रियों के साथ एयर पोर्ट से बाहर निकल गया। उसे वापस बुलाया गया, लेकिन उसने आने से मना कर दिया। इसके बाद सभी यात्रियों को विमान से नीचे उतार नए सिरे से बोर्डिंग पास बनाए गए। इसके बाद विमान ने साढ़े बारह बजे यहां से उड़ान भरी। नियमानुसार कोई यात्री अपनी यात्रा को बीच में समाप्त नहीं कर सकता है। यदि किसी कारण से ऐसा करना हो तो एयर इंडिया के अधिकारियों से इसकी अनुमति लेनी पड़ती है। 

Related Posts