YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

मेरी प्राथमिकता चुनाव लड़ना नहीं, संगठन के लिए काम करना है : प्रियंका

मेरी प्राथमिकता चुनाव लड़ना नहीं, संगठन के लिए काम करना है : प्रियंका

लोकसभा चुनाव प्रचार के क्रम में अपने भाई राहुल गांधी के लिए वोट मांगने अमेठी पहुंची कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं का जमकर उत्साह बढ़ाया। प्रियंका गांधी ने केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर हमला बोला। लोकसभा का चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर पार्टी चाहेगी तो मैं चुनाव लड़ सकती हूं, लेकिन मेरी अपनी प्राथमिकता पार्टी संगठन से जुड़ कर काम करने की है। संगठन के स्तर पर बहुत काम करने की जरूरत है, फिलहाल मेरा इसी पर ध्यान है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की वे जनता के बीच जाकर सरकार की जुमलेबाजी का जवाब दें और उनकी पोल खोलें। अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं प्रियंका ने हमारा बूथ हमारा गौरव अभियान के तहत कांग्रेस के बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक की। चुनावी तैयारियों को लेकर बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं से पूछा तैयारी कर रहे हो आप चुनाव की? इस वाले की नहीं, 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की? कर रहे हो न?''
उन्होंने कहा कि बेहतर चुनाव प्रचार अभियान चला कर हम ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को अपने पक्ष में करके राज्य की योगी सरकार को उखाड़ सकते हैं। उन्होंने कहा आप लोग गांवों में जाएं और भाजपा की जुमलेबाजी का जवाब दें। लोगों को सच्चाई बताएं। सरकार की नाकामियां बताएं। जब तक हम लोग इन बातों को लेकर जनता के बीच नहीं जाएंगे तब तक लोगों को सच्चाई का पता नहीं लगेगा। 
प्रियंका बैठक विधानसभावार कर रही है। अमेठी विधानसभा के बूथ अध्यक्षों से बात करते हुए प्रियंका ने यह जानने की कोशिश की कि हम बूथ स्तर तक कैसे अपनी पहुंच बना सकते हैं। कांग्रेस वहां कैसे मजबूत होगी। प्रियंका ने कहा कि देश में सब कुछ कांग्रेस ने किया है-दियासलाई से लेकर मिसाइल बनाने तक का काम कांग्रेस ने ही किया है। पीएम नरेन्द्र मोदी को तो विश्व का भ्रमण करने से फुर्सत नहीं है। देश का किसान परेशान है। उसे न खाद मिल रही है और न अपनी फसल की वाजिब कीमत। प्रियंका ने कहा फिजूल की जुमलेबाजी करना कांग्रेस का स्वभाव नहीं है, हम जो कहते हैं, वह करते हैं। 
हमने कहा था कि किसानों का कर्ज माफ करेंगे तो हमने राजस्थान में किया। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का कर्जा माफ करेंगे। उन्होंने कहा हमारी पार्टी ने गरीब परिवारों को हर साल 72000 रुपए देने का वादा किया है। उसे हम पूरा करके दिखाएंगे। प्रियंका ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वह यूपी विधानसभा चुनाव को भी देखेंगी। अमेठी हमारा घर है, परिवार है और राहुल गांधी अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे। इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। उन्होंने मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी प्रवास का जिक्र करते हुए कहा कि वाराणसी में विकास के कोई काम नहीं हुए हैं। वहां लोग परेशान हैं। प्रियंका ने कहा अमेठी से भाजपा प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी में टाइम पास करने आती हैं। उनका अमेठी से कोई भावनात्मक रिश्ता नहीं है। उन्होंने कहा मैं पिताजी (राजीव गांधी) के साथ अमेठी आया करती थी। मेरा बचपन यहां बीता है। अमेठी हमारा घर है, यहां के लोग मतदाता नहीं हमारे परिजन हैं। मेरा अमेठी से अटूट रिश्ता है। मुझसे ज्यादा अमेठी के बारे में कौन समझ सकता है। 

Related Posts