
संगीत सुनना, नहीं सुनना अथवा किस तरह का संगीत सुनना आप पसंद करते हैं यह आपकी निजी रुची का सब्जेक्ट है लेकिन आप जिस तरह का भी संगीत सुनना पसंद करते हैं यह आपके व्यक्तित्व को बयां करता है। ब्रिटेन में फिट्जविलियम कॉलेज के शोधकर्ताओं ने 20,000 लोगों पर ऑनलाइन यह शोध किया। इनमें से अधिकतर की उम्र 22 से ज्यादा थी। वैज्ञानिकों ने यह पता लगाया है कि लोगों की संगीत की पसंद से उनके व्यक्तित्व के बारे में सटीक अनुमान लगाया जा सकता है। शोध के दौरान लोगों के सामने 25 अलग-अलग श्रेणियों का संगीत पेश किया गया। इसमें पाया गया कि बातूनी और ऊर्जावान लोगों ने सरल, आरामदेह और बिना गीत वाला संगीत सुनना पसंद किया। इस शोध का निष्कर्ष यह है कि किसी व्यक्ति के संगीत की पसंद से आप उसके व्यक्तित्व का अंदाजा लगा सकते हैं। सर्वे में वैज्ञानिकों ने संगीत के जरिए पांच अलग-अलग तरह के व्यक्तित्व का अंदाजा लगाया। शोधकर्ताओं का कहना है कि जो लोग ज्यादा खुलापन पसंद करते हैं, उन्हें नई-नई चीजें सीखना पसंद है और वे नए अनुभव का लुत्फ उठाते हैं। दिल को सुकून पहुंचाने वाला संगीत सुनने वालों के बहिर्मुखी व्यक्तित्व का मालिक होने की संभावना ज्यादा होती है। जबकि ओपेरा पसंद करने वाले लोग ज्यादा कल्पनाशील होते हैं।