YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

कमलनाथ सरकार ने 73 दिनों में 83 वादे पूरे किए पूर्व सीएम कार्यकर्ताओं से बोले- यही हमारी जीत का आधार

 कमलनाथ सरकार ने 73 दिनों में 83 वादे पूरे किए पूर्व सीएम कार्यकर्ताओं से बोले- यही हमारी जीत का आधार

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विसिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 73 दिनों में 83 वादों को पूरा किया है। हमारी जीत का यही आधार होगा। यह भी ध्यान रखिए कि अपने बूथ पर ही काम करें। कार्यक्रमों के पीछे न भागें। साथ ही उन युवा मतदाताओं पर फोकस करें जिन्होंने कांग्रेस सरकार नहीं देखी। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई की चुनाव में अहम भूमिका होगी। श्री सिंह कल लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 12 वार्डों के 284 बूथ स्तर के कार्यकर्ता, पदाधिकारी के साथ क्षेत्रीय विधायक व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पार्षद गुड्डू चौहान, मोनू सक्सेना, संतोष कंसाना आदि मौजूद रहे। दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा से भोपाल सीट के लिए उम्मीदवारी का इंतजार मत करना। जब ब्रिटिशों की लाठियों से नहीं डरे तो भाजपा से हम क्या डरेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि वैसे ब्रिटिश के बाद शिवराज सिंह ने सबसे ज्यादा लाठियां हमारे कार्यकर्ताओं पर बरसाई हैं। बाबूलाल गौर के शासन में कांग्रेसियों पर लाठियां नहीं चलाई गईं।
    आरएसएस को लेकर उन्होंने कहा कि मैं सभी सामाजिक, खिलाड़ियों, धार्मिक व सांस्कृतिक संगठनों से मिलूंगा। सिर्फ आरएसएस को छोड़कर। आरएसएस खुद को सांस्कृतिक संगठन बताता है, लेकिन इनकी हकीकत कुछ और है। दिग्विजय सिंह ने व्यक्ति विशेष के नारों को लेकर कहा कि जिंदाबाद के नारों ने ही कांग्रेस को बिगाड़ा है। अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं व नेताओं से सादगी से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि बूथ और मंडल स्तर तक बैठक की जाएंगी। कार्य करने की क्षमता को लेकर दिग्विजय सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा से मंत्री पीसी शर्मा की तुलना की। उन्होंने कहा कि कार्य करने की इतनी शक्ति मैंने इन दोनों में ही देखी है। शर्मा की तारीफ में दिग्विजय सिंह ने कहा कि पूर्व आईएएस एमएन बुच मेरी और अर्जुन सिंह की आलोचना करते थे, लेकिन पीसी शर्मा की उन्होंने हमेशा तारीफ की है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा के पास मुद्दे नहीं हैं। इसलिए आतंकवाद, राष्ट्रवाद और हिंदू-मुस्लिम के नाम पर भाजपा राजनीति करेगी। हमें इन मामलों को लेकर सजग रहना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था चौपट कर दी है। न काला धन वापस आया न खाते में 15 लाख रुपए। झूठ, गुमराह करने की राजनीति करना भाजपा की आदत है। भोपाल में भाजपा ने कोई बड़ी सौगात तीस साल में नहीं दी। 

Related Posts