YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

 दिल्लीवासियों को तीन दिन बाद झुलसाने वाली गर्मी से मिलेगी राहत

 दिल्लीवासियों को तीन दिन बाद झुलसाने वाली गर्मी से मिलेगी राहत

नई दिल्ली ।  दिल्ली के लोगों को अभी तीन दिन और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार के बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से आंधी-बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी। दिल्ली के लोग इस सीजन में पहली बार भीषण गर्मियों का सामना कर रहे हैं। आम तौर पर 15 अप्रैल के बाद ही दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने लगता है, लेकिन इस बार नियमित अंतराल पर लगातार आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान मे लगातार गिरावट का रुख बना रहा। इसके चलते तापमान आम तौर पर 40 डिग्री से नीचे बना रहा। लेकिन पिछले एक सप्ताह से मौसम में मई महीने वाली रंगत देखने को मिल रही है। खासतौर पर बीते दो दिन में दिल्ली के तमाम हिस्सों में लू के थपेड़े महसूस किए जा रहे हैं। इस सप्ताह के दिन सीजन के सबसे गर्म दिन साबित होने वाले हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी दिल्ली के तमाम हिस्सों में लू के थपेड़े लोगों को परेशान करेंगे। इस दौरान 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के चलते लू के थपेड़े खतरनाक साबित होंगे। बुधवार को भी मौसम का यही रुख देखने को मिलेगा। इन दोनों दिन तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। 
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार शाम से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से दिल्ली और आसपास के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिलेगा। गुरुवार शाम से तेज हवा और आंधी-पानी आने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता खास तौर पर शुक्रवार और शनिवार के दिन सबसे ज्यादा दिखने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। इसके साथ ही धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है। 
इस सप्ताह की शुरुआत जहां झुलसाने वाली गर्मी से हुई है, वहीं सप्ताह का समापन मनभावन मौसम के साथ होने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। खासतौर पर शनिवार और रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक आ सकता है। जून के पहले सप्ताह में भी मौसम का यही रुख बनने रहने के आसार हैं। चार जून के बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी का क्रम देखने को मिलेगा। 
पालम क्षेत्र में  दिन इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। वहीं दिल्ली के मानक सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। यहां न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। दिल्ली के आयानगर में अधिकतम तापमान 45.6, लोधी रोड पर 44 और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स स्थित मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  मौसम विभाग के मुताबिक आम तौर पर लू जैसी स्थिति को दो तरीके से मापा जाता है। तापमान 45 डिग्री से ऊपर होने पर उसे लू जैसे हालात में गिना जाता है। वहीं अगर तापमान 45 डिग्री से कम भी है लेकिन वह सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है और तापमान 40 डिग्री से ऊपर है तो उसे लू जैसी स्थिति माना जाता है। 
 

Related Posts