YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

प्रज्ञा का भोपाल से चुनाव लड़ना लगभग तय, भाजपा की सदस्यता ली

प्रज्ञा का भोपाल से चुनाव लड़ना लगभग तय, भाजपा की सदस्यता ली

लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की हॉट सीट भोपाल से चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। बुधवार को साध्वी भाजपा कार्यालय पहुंचीं और पार्टी के नेताओं के साथ भोपाल दफ्तर में बैठक की। बताया जा रहा है कि अब भोपाल सीट से उनका चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक साध्वी की उम्मीदवारी का ऐलान बुधवार शाम तक किया जा सकता है। इस बीच साध्वी के भाजपा में शामिल होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सवाल उठाए हैं। साध्वी प्रज्ञा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह चुनाव लड़ेंगी और जीतेंगी। अगर वह भोपाल से चुनाव लड़ती हैं, तो उनका मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से होगा। भोपाल भाजपा दफ्तर में साध्वी प्रज्ञा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रामलाल और प्रभात झा के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि बैठक में प्रदेश स्तर से लेकर केंद्र स्तर तक चर्चा हुई। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से जब मीडिया ने साध्वी प्रज्ञा की भाजपा में एंट्री पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि साध्वी का भाजपा में शामिल होना पार्टी की मनोदशा को दिखाता है। साध्वी प्रज्ञा ने कहा मैंने औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ले ली है। मैं चुनाव लड़ूंगी और जीतूंगी भी। मेरे पास शिवराज सिंह चौहान का समर्थन है। 
उल्लेखनीय है कि भोपाल सीट से दिग्विजय सिंह को टिकट मिलने के बाद से ही भाजपा खेमे में चर्चा तेज हो गई थी। भोपाल सीट से भाजपा की तरफ से शिवराज सिंह चौहान, उमा भारती और नरेंद्र सिंह तोमर तक का नाम सामने आ रहा था। कहा जा रहा है कि साध्वी प्रज्ञा को टिकट देने के बारे में भाजपा काफी विचार कर रही हैं। साध्वी प्रज्ञा हिंदुत्व का चेहरा मानी जाती हैं इसलिए भोपाल सीट से उन्हें टिकट देने पर पार्टी नफा-नुकसान के बारे में सोच रही है। यदि ऐसा होता है तो भोपाल सीट पर काफी ध्रुवीकरण देखने को मिल सकता है। सन 2008 में मालेगांव ब्लास्ट में आरोपी साध्वी प्रज्ञा को पिछले साल ही एनआईए कोर्ट ने सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था।
एक तरफ दिग्विजय सिंह पर 'हिंदू आतंकवाद' शब्द को जन्म देने और दिल्ली के बटला हाउस एनकाउंटर को फर्जी बताने का आरोप है, जिसमें इंडियन मुजाहिद्दीन के आतंकी मारे गए थे। वहीं साध्वी के अनुभवी न होने के कारण भी कुछ सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि साध्वी को उम्मीदवार बनाया जाता है तो विपक्ष को यह कहने का मौका मिल जाएगा कि भाजपा हिंदू असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देती है। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने पिछले दिनों कहा था दुश्मन को परास्त करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। उनका इशारा दिग्विजय सिंह की तरफ था, जिन्होंने साध्वी पर आतंकवादी होने का टैग लगाया था। साध्वी ने कहा मेरी कुछ स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हैं, जिनके लिए दिग्विजय सिंह जिम्मेदार हैं। मैं कभी उन धब्बों को नहीं भूल सकती, जो उन्होंने मेरी जिंदगी पर लगाए हैं। 

Related Posts