YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

स्पोर्ट्स

रोहित, रानी सहित पांच खिलाडिय़ों को मिलेगा राजीव गांधी खेल रत्न  

रोहित, रानी सहित पांच खिलाडिय़ों को मिलेगा राजीव गांधी खेल रत्न  

देश के सर्वोच्च खेल अलंकरण राजीव गांधी खेल रत्न से इस वर्ष पांच खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें क्रिकेटर रोहित शर्मा, पैरा एथलीट थंगावेलु, पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल शामिल हैं। इसके अलावा 27 खिलाडिय़ों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 
क्रिकेटर रोहित से पहले सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली को यह अवॉर्ड मिल चुका है। तेंडुलकर पहले भारतीय क्रिकेटर थे, जिन्हें 1998 में खेल रत्न दिया गया था। धोनी को 2007 और कोहली को 2018 में खेल रत्न से सम्मानित हुए थे। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार का आयोजन हर साल 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस पर किया जाता है। राष्ट्रपति भवन में सम्मान समारोह में ये पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
अवार्ड के लिए खेल मंत्रालय ने 12 सदस्यीय कमेटी बनाई थी। इसकी अगुआई सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस मुकुंदकम शर्मा ने की। कमेटी के सदस्य पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, पूर्व हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह, पैरालिंपिक रजत पदक विजेता दीपा मलिक, पूर्व टेबल-टेनिस खिलाड़ी मोनालिसा बरुआ मेहता, बॉक्सर वेंकटेशन देवराजन के अलावा पत्रकार आलोक सिन्हा और नीरू भाटिया थे।
पहली बार वर्चुअल होगा पुरस्कार समारोह
देश में जारी कोविड-19 महामारी के संक्रमण को देखते हुए यह सम्मान समारोह पहली बार वर्चुअल होगा। खिलाड़ी अपने यहां के साई सेंटर में एकत्रित हो सकेंगे।
27 खिलाडिय़ों को अर्जुन अवॉर्ड
दुती चंद (एथलेटिक्स), अतनु दास (आर्चरी), सात्विक साईराज (बैडमिंटन), चिराट शेट्टी (बैडमिंटन), विशेष (बास्केटबॉल), सूबेदार मानिक कौशिक (बॉक्सिंग), लवलीना (बॉक्सिंग), इशांत शर्मा (क्रिकेट), दीप्ति शर्मा (महिला क्रिकेट), सावंत अजय (इक्वेस्ट्रियन), संदेश झिंगन (फुटबॉल), अदिति अशोक (गोल्फ), आकाशदीप सिंह (हॉकी), दीपिका (हॉकी), दीपक (कबड्डी), सारिका सुधाकर (खो-खो), दत्तू बबन (रोइंग), मनु भाकर (शूटिंग), सौरभ चौधरी (शूटिंग), मधुरिका सुहास (टेबल टेनिस), दिविज सरन (टेनिस), शिवा केशवन (विंटर स्पोट्र्स), दिव्या काकरन (रेसलिंग), राहुल अवारे (रेसलिंग), सुयश नारायण जाधव (पैरा स्वीमिंग), संदीप (पैरा एथलेटिक्स) और मनीष नरवाल (पैरा शूटिंग)।
द्रोणाचार्य अवॉर्ड
धर्मेंद्र तिवारी (आर्चरी), पुरुषोत्तम राय (एथलेटिक्स), शिव सिंह (बॉक्सिंग), कृष्ण कुमार हुड्डा (कबड्डी), रमेश पठानिया (हॉकी), नरेश कुमार (टेनिस), विजय भालचंद्र मुनिश्वर (पैरा पॉवर लिफ्टिंग) और ओमप्रकाश दाहिया (रेसलिंग)।
 

Related Posts