YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

राजस्थान में 1 अक्टूबर से मॉनसून की वापसी की संभावना

राजस्थान में 1 अक्टूबर से मॉनसून की वापसी की संभावना

नई दिल्ली । मौसम विभाग ने देश के दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून की वापसी की संभावना जताई है। विभाग ने साथ ही इन भागों में अधिकतम तापमान सामान्य सीमा से अधिक रहने का अनुमान जताया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के अधिकतर हिस्सों में बारिश नहीं हुई। वहीं, निजी मौसम एजेंसी 'स्काईमेट वेदर' ने पूर्वानुमान जताया कि पश्चिमी राजस्थान से एक अक्तूबर से मॉनसून की वापसी हो सकती है। विभाग ने कहा कि उत्तर भारत के बड़े हिस्से से सात अक्टूबर तक मॉनसून की वापसी पूरी हो सकती है। वहीं, दिल्ली में लगातार 17वें दिन भी बारिश दर्ज नहीं की गई और मौसम उमस भरा बना रहा। 
आईएमडी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में फिलहाल मॉनसून की कोई बारिश अभी संभव नहीं है और बारिश के अभाव में अगले कुछ दिनों में पारा कुछ और बढ़ने की संभावना है। इस बीच, हरियाणा और पंजाब में भी अधिकतम तापमान सामान्य सीमा से अधिक दर्ज किया गया। हरियाणा के नारनौल में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें कि बीते 23 सितंबर को मौसम विभाग ने दिल्ली में बुधवार को हल्की बारिश होने की संभावना जतायी थी। मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश मॉनसून के मौसम की आखिरी बारिश हो सकती है। 
 

Related Posts