YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

(शिमला) अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा ज्वालामुखी मंडल भंग -विधायक रमेश धवाला और संगठन मंत्री पवन राणा में सियासी युद्ध 

(शिमला) अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा ज्वालामुखी मंडल भंग -विधायक रमेश धवाला और संगठन मंत्री पवन राणा में सियासी युद्ध 

शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा ज्वालामुखी मंडल को भंग कर दिया। सुरेश कश्यप की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि संगठनात्मक जिला देहरा के ज्वालामुखी मंडल के कुछ पदाधिकारियों ने संगठन के खिलाफ बयानबाजी कर पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। यह अनुशासनहीनता है और इसलिए यह कार्रवाई की गई है। कश्यप के पत्र के अनुसार, मंडल के सभी मोर्चे एवं प्रकोष्ठ भी भंग कर दिए हैं। 
 दरअसल, यह पूरा मामला भाजपा के हिमाचल संगठन मंत्री पवन राणा और भाजपा के सीनियर नेता और विधायक रमेश ध्वाला से जुड़ा है। दोनों में लंबे समय से खींचतान चली है। यह कार्रवाई स्थानीय विधायक रमेश धवाला और प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा के बीच चल रहे सियासी युद्ध के चलते मानी जा रही है। इन दोनों नेताओं में मतभेद हैं और इसके चलते आए दिन ध्वाला की ज्वाला धधकती रहती है। जिन कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रभाव से दायित्व मुक्त किया गया है। इनमें देहरा भाजपा उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, देहरा भाजपा सचिव जोगिंद्र कौशल, ज्वालामुखी पूर्व मंडल अध्यक्ष चमन लाल पुंडीर, देहरा युवा मोर्चा अध्यक्ष नितिन ठाकुर, प्रदेश सह प्रवक्ता राकेश ठाकुर, महिला मोर्चा से जिला महामंत्री भावना शर्मा और शहरी केंद्र अध्यक्ष रामस्वरूप शास्त्री शामिल हैं। 
कश्यप ने कहा कि यहां पर कोई भी पदाधिकारी, कार्यकर्ता संगठन से ऊपर नहीं हो सकता है। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहकर ही पार्टी के लिए काम करना होता है। उन्होंने कहा कि जल्द ज्वालामुखी के नए मंडल और मोर्चे एवं प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा। 
 

Related Posts