YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

स्पोर्ट्स

दिल्ली ने जीत के साथ प्लेऑफ में पक्की की जगह - आईपीएल टी20: दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को 6 विकेट से हराया

दिल्ली ने जीत के साथ प्लेऑफ में पक्की की जगह - आईपीएल टी20: दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को 6 विकेट से हराया

अबु धाबी । शिखर धवन (54) और अजिंक्य रहाणे (60) के अर्धशतकों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के महत्वपूर्ण लीग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) 6 विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 152 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स के 14 मैचों से 16 अंक हो गए है और वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। वहीं, आरसीबी 14 मैचों में 14 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को पृथ्वी शॉ के रूप में पहला झटका जल्दी ही लगा। मोहम्मद सिराज ने उन्हें क्लीन बोल्ड आउट किया। पृथ्वी 6 गेंदों पर 9 रन ही बना पाए। इसके बाद धवन और रहाणे ने दूसरे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की। धवन ने 41 गेंदों पर 54 रनों की पारी में 4 चौके जमाए। वहीं, रहाणे ने 46 गेंदों पर 60 रनों की पारी में 5 चौके और एक छक्का जमाया। शाहबाज अहमद ने धवन को और वाशिंगटन सुंदर ने रहाणे को आउट किया। हालांकि, दोनों की साझेदारी दिल्ली कैपिटल्स को जीत के करीब पहुंचा चुकी थी। कप्तान श्रेयस अय्यर (07) का विकेट जल्दी ही गिर गया। इसके बाद ऋषभ पंत और मार्कस स्टोयनिस ने नाबाद रहते हुए 19 ओवर में टीम को 6 विकेट से जीत दिला दी। पंत 8 और स्टोयनिस 10 रन बनाकर नाबाद रहे। आरसीबी के लिए शाहबाज ने 2, सिराज और सुंदर ने 1-1 विकेट झटके।
इससे पहले, देवदूत पडिक्कल के अर्धशतक (50) और एबी डिविलियर्स (35) की शानदार पारियों से आरसीबी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 152 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अग्रवाल ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण चुना। आरसीबी के लिए सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 25 रनों की साझेदारी की। जोश फिलिप 12 रनों पर कगिसो रबाडा की गेंद पर पृथ्वी शॉ द्वारा लपके गए। फिलिप ने 17 गेंदों की पारी में एकमात्र चौका जमाया। इसके बाद कप्तान विराट कोहली और पडिक्कल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने रनगति को तेज किया। इस बीच, रविचंद्रन अश्विन ने पारी के 13वें ओवर में कोहली (29) को मार्कस स्टोयनिस के हाथों आउट किया। कोहली ने 24 गेंदों पर 2 चौके और एक छक्के जमाए। पारी के 16वें ओवर में एनरिक नोत्र्जे ने पडिक्कल को क्लीन बोल्ड कर दिया। पडिक्कल ने 41 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी संयमित पारी में पांच चौके जमाए। इसके बाद डिविलियर्स ने कुछ आकर्षक शॉट खेले। हालांकि, एक रन चुराने की जल्दबाजी में वे रन आउट हो गए। उन्होंने पारी के अंतिम ओवर में आउट होने से पहले 21 गेंदों पर 35 रन बनाए। इसमें 1 चौका और 2 छक्के शामिल हैं। निचले क्रम में शिवम दुबे ने 11 गेंदों पर 17 रनों की पारी खेली। वे रबाडा के दूसरे शिकार बने। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से नोत्र्जे ने 3, रबाडा ने 2 और अश्विन ने 1 विकेट लिया।
 

Related Posts