YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

वेतन न मिला तो तीनों नगर निगमों में आज से हड़ताल

वेतन न मिला तो तीनों नगर निगमों में आज से हड़ताल

नई दिल्ली ।दिल्ली में तीनों नगर निगमों के कर्मचारियों ने दीपावली से पहले तीन महीने के वेतन का भुगतान न होने पर 9 नवंबर से हड़ताल का ऐलान किया है। मामले को लेकर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में महापौरों और यूनियनों के पदाधिकारियों के बीच तीन घंटे तक बैठक चली। बैठक में सहमति नहीं बनने पर यूनियनों ने तीनों निगमों में हड़ताल का ऐलान करते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का पूरा वेतन एक साथ चाहिए। जानकारी के अनुसार, तीनों निगमों के महापौर जयप्रकाश, निर्मल जैन और अनामिका सिविक सेंटर पहुंचे। साथ ही तीनों निगमों के निगमायुक्त और तीनों निगमों की यूनियन के पदाधिकारी सहित अन्य लोग भी दोपहर करीब दो बजे सिविक सेंटर पहुंच गए। द्वितीय दल पर स्थित सभागार में शुरू हुई बैठक में ऑल दिल्ली नगर निगम कर्मचारी भारतीय लोक हित मोर्चा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष जुल्फिकार, सुपरवाइजनर सैनिटेशन यूनियन के पदाधिकारी मुकेश वैद्य, कंफेडरेशन की तरफ से एपी खान और शिक्षकों की यूनियनों के पदाधिकारियों ने महापौर और निगमायुक्तों के समक्ष वेतन का मुद्दा उठाया। यूनियन नेताओं ने पूछा कि क्या वह कर्मचारियों की काली दीपावली मनवाना चाहते हैं। इस पर महापौर जयप्रकाश ने कहा कि ऐसा नहीं है। दीपावली से पहले निगम कर्मचारियों को ज्यादा से ज्यादा वेतन देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में विकास कार्य में कोई पैसा नहीं मिला है। अधिकांश पैसा कोरोना और निगम कर्मचारियों के लिए ही जारी किया गया है। महापौरों ने यूनियनों के पदाधिकारियों से 30 नवंबर तक का समय मांग। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि दिसंबर के पहले सप्ताह तक उनका रुका हुआ वेतन जारी करा दिया जाए। लेकिन, कर्मचारियों को 9 नवंबर को तीनों निगमों में हड़ताल करने का निर्णय वापस लेना होगा। बैठक में कोई ठोस निष्कर्ष न निकलने पर यूनियन के पदाधिकारियों ने ऐलान किया कि नौ नवंबर से तीनों निगमों के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। ज्ञात हो कि वेतन के मुद्दे को लेकर उत्तरी और पूर्वी निगम के कर्मचारी हाल ही में हड़ताल कर चुके हैं। उत्तरी निगम के कर्मी हड़ताल खत्म कर चुके हैं। वहीं, पूर्वी निगम में दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल चल रही है। 9 नवंबर से तीनों निगमों के कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने की चेतावनी दी गई है। इसमें सफाईकर्मी शामिल नहीं होंगे।
 

Related Posts