YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

 कर्मचारियों का हल्ला बोल सफाई और स्वास्थ्यकर्मी नहीं हुए शामिल

 कर्मचारियों का हल्ला बोल सफाई और स्वास्थ्यकर्मी नहीं हुए शामिल

नई दिल्ली । आर्थिक संकट से जूझ रहे पूर्वी नगर निगम के कर्मचारियों ने वेतन की मांग को लेकर सोमवार को हड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि इसमें सफाई कर्मचारी और स्वास्थ्य कर्मी शामिल नहीं हैं। सफाई कर्मचारियों को सितंबर माह तक का वेतन मिल चुका है। वहीं अन्य कर्मचारियों को अगस्त माह तक का वेतन मिला है। दो महीने का वेतन अभी नहीं मिला है। इसे लेकर कर्मचारी प्रतिदिन दो घंटे काम बंद कर धरने पर बैठ रहे थे। लेकिन सोमवार सुबह से कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। पटपड़गंज स्थित निगम मुख्यालय के बाहर सुबह नौ बजे से ही कर्मचारी पहुंचने लगे और उन्होंने मुख्य द्वार को बंद कर काम ठप करने का एलान कर दिया। इसके बाद मुख्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए। कंफेडरेशन ऑफ ऑल एमसीसी इंप्लाई यूनियन के अध्यक्ष एपी खान का कहना है कि पूर्वी निगम के मुख्यालय और शाहदरा व दक्षिणी जोन में सोमवार को कोई काम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सफाई और स्वास्थ्यकर्मियों का समर्थन भी हमें मिला है हालांकि वे सीधे हड़ताल में शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पहले तीन महीने का वेतन बकाया था। अब दो महीने का रह गया है। हमारी मांग थी कि दिवाली से पहले सभी को बकाया वेतन दिया जाए। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस वजह से हमें हड़ताल का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन जारी करने की मांग भी इसमें शामिल है। उन्हें छह-छह माह से पेंशन नहीं मिला है। वहीं ऑल दिल्ली नगर निगम कर्मचारी भारतीय लोकहित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जुल्फीकार खां ने कहा कि फिलहाल एक दिन के हड़ताल का फैसला लिया गया है। आगे की रणनीति पर शाम को चर्चा होगी। बता दें कि निगम कर्मचारी 12 अक्टूबर से प्रतिदिन दो घंटे धरने पर बैठ रहे थे। इस हड़ताल में सफाई कर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों के शामिल न होने से असर व्यापक नहीं है। हालांकि मुख्यालय और दोनों जोन में कामकाज ठप रहेगा। अन्य जगहों पर स्थिति सामान्य रहेगी।
 

Related Posts