YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल वेस्ट

 मध्यप्रदेश विस उपचुनाव- रुझानों में भाजपा 17 तो कांग्रेस 10 सीटों पर आगे  -डबरा में मंत्री इमरती देवी ने बढ़त बनाई

 मध्यप्रदेश विस उपचुनाव- रुझानों में भाजपा 17 तो कांग्रेस 10 सीटों पर आगे  -डबरा में मंत्री इमरती देवी ने बढ़त बनाई

नई दिल्ली । मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना जारी है। अभी तक 27 सीटों का रुझान सामने आ चुका है। इसमें भाजपा को 17 सीटों पर बढ़त मिली है, वहीं कांग्रेस को 10 सीट पर बढ़त मिली है। मालूम हो कि ये अभी रुझान है, पल-पल में तस्वीर बदलती नजर आ सकती है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, इसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती की जाएगी। इन नतीजों से साबित होगा कि छह महीने पहले खोई सत्ता को कांग्रेस वापस पाने में कामयाब होगी, या फिर भाजपा अपनी सत्ता बचा पाएगी। यही नहीं यह उपचुनाव कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए भी बहुत अहम हैं। 28 में से 16 सीटें सिंधिंया के प्रभाव वाले ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की हैं। मध्य प्रदेश में इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब 28 सीटों पर हुए उपचुनाव सत्ता का भविष्य तय करेंगे।
पहले राउंड की मतगणना लगभग पूरी हो चुकी है डबरा से मंत्री इमरती देवी प्रारंभिक बढ़त बनाए हैं। सुरखी सीट पर गोविन्द सिंह राजपूत भी आगे हैं। जबकि पहले राउंड के बाद ब्यावरा से बीजेपी उम्मीदवार नारायण सिंह पंवार आगे चल रहे हैं। हाटपीपलिया के पहले राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी राजवीर सिंह बघेल आगे हैं जबकि दिग्विजय सिंह के गढ़ राजगढ़ में भी कांग्रेस पीछे है।देवास में काउंटिंग स्थल भाजपा जिलाध्यक्ष के मोबाइल लेकर जाने से कांग्रेस की आपत्ति के बाद यहां मतगणना रुकी है। शुरुआती रुझान में सुवासरा विधानसभा क्षेत्र से कैबिनेट मंत्री भाजपा उम्मीदवार हरदीपसिंह डंग अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राकेश पाटीदार से तीसरे राउंड में आगे चल रहे है।
रुझानों में ग्वालियर सीट पर भाजपा से प्रद्युम्न सिंह आगे चल रहे हैं। बीजेपी की सुमित्रा कास्डेकर नेपानगर सीट से आगे चल रही हैं।
बीजेपी के पक्ष में, सांवेर से बीजेपी के तुलसी सिलावट आगे चल रहे हैं। प्रदेश में बीजेपी को बहुमत का आंकड़ा पूरा करने के लिए 28 में से सिर्फ 8 विधायकों की ही जरूरत है।
मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में भाजपा के 107, कांग्रेस के 87, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। राज्य में इस वर्ष मार्च में कांग्रेस के 22 विधायकों ने त्यागपत्र दे दिया था जिससे अल्पमत में आई कमलनाथ सरकार गिर गई थी। इनमें अधिकांश विधायक ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक थे, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए। सिंधिया स्वयं भी मार्च में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे।
यूपी उपचुनाव: 
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सात सीटों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो गई है। पहले पोस्टल बैलट की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझान में चार सीटों पर बीजेपी और एक-एक सीट पर सपा व बसपा आगे चल रही है। मतगणना स्थल पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। इन सात सीटों में से छह भारतीय जनता पार्टी के पास थीं, जबकि जौनपुर की मल्हनी से सपा के कद्दावर नेता रहे पारसनाथ यादव विजयी हुए थे। देखना महत्वपूर्ण होगा कि भाजपा छह सीटों में से कितनों पर जीत हासिल कर प्रतिष्ठा बनाए रखने में कामयाब रहती है।
 

Related Posts