
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने भारतीय रग्बी फुटबॉल यूनियन (रग्बी इंडिया ) के साथ साल 2023 तक के लिए तीन साल का एक करार किया है। भारतीय राष्ट्रीय रग्बी टीमों के प्रायोजन और खिलाड़ियों को हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग और अनुकूलन दिलाने के लिए ही यह करार किया गया है। इस करार पर ओडिशा के खेल निदेशक आर विनील कृष्णा और रग्बी इंडिया के अध्यक्ष मेनेक उनवाला ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर ओडिशा के खेल एवं युवा विभाग के मंत्री तुषारकांति बेहड़ा भी मौजूद थे। इस प्रायोजन का विस्तार अंतर्राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाली भारतीय राष्ट्रीय रग्बी टीमों, पुरुष और महिला दोनों की ट्रेनिंग और अनुकूलन के लिए भी किया जाएगा। बेहड़ा ने कहा, "हमारे लिए एक महत्वपूर्ण साझेदारी है। हाल के दिनों में हमने देखा है कि किस तरह से भारत में रग्बी का विकास हुआ है और तेजी से इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है। खास तौर से इस खेल में युवाओं की रुचि बढ़ रही है। रग्बी इंडिया और ओडिशा सरकार के बीच ये साझेदारी सिर्फ़ रग्बी के विकास में मदद नहीं करेगी, बल्कि भारतीय रग्बी के ट्रेनिंग स्तर को सुधारने के लिए हाई परफॉर्मेंस पर भी ध्यान देगी।" इससे पहले भी साल 2018 में ओडिशा सरकार भारतीय हॉकी टीम की प्रायोजक बनी थी।