YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

चक्रवातों के नाम इसलिए रखे जाते हैं ताकि कई तूफानों को चिन्हित कर उनकी पहचान की जा सके

चक्रवातों के नाम इसलिए रखे जाते हैं ताकि कई तूफानों को चिन्हित कर उनकी पहचान की जा सके

प्राकृतिक आपदाओं में समुद्री तूफानों की भूमिका को इंकार नहींकिया जा सकता है। इन दिनों ओडिशा के तट पर भयानक चक्रवात 'फोनी' ने कहर बरपा रखा है। इसके कहर से बचाने के लिए ओडिशा तट से करीब 10 लाख लोगों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव वाला क्षेत्र पिछले शनिवार को एक चक्रवाती तूफान ‘फोनी’ में तब्दील हो गया जो आगे ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ में तब्दील हो गया। चक्रवात फोनी वर्तमान में पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और पास के दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी में स्थित है। इस संदर्भ में आइए जानते हैं कि चक्रवात का नामकरण आखिरकार किस तरह से किया जाता है? दरअसल चक्रवातों के नाम इसलिए रखे जाते हैं ताकि सागर में एक साथ आने वाले कई तूफानों को चिन्हित कर उनकी पहचान की जा सके। आमतौर पर जब किसी तूफान की रफ्तार 61 किमी/घंटा से ज्‍यादा होती है तो उस तूफान का नामकरण किया जाता है।
हिंद महासागर में साइक्‍लोन का नाम रखने का चलन 2000 में शुरू हुआ। इस सिलसिले में क्षेत्र के आठ देशों-भारत, बांग्‍लादेश, मालदीव, म्‍यांमार, ओमान, पाकिस्‍तान, श्रीलंका और थाईलैंड के बीच 2004 में एक फॉर्मूले पर सहमति बनी। इन देशों ने आगामी चक्रवातों के लिहाज से 64 नामों की सूची बनाई। इस तरह प्रत्‍येक देश ने आठ नाम सुझाए। इस सूची को विश्‍व मौसम संगठन (डब्ल्यूएमओ) को सौंपा गया। जेनेवा स्थित यह संगठन ही इस क्षेत्र में जब चक्रवात आते हैं तो उस सूची में आने वाले सीरियल के आधार पर नाम देता है। मसलन भारत ने अग्नि, आकाश, बिजली, जल, लहर, मेघ, सागर और वायु जैसे नाम दिए हैं। इसी तरह पाकिस्‍तान ने फानूस, लैला, नीलम, वरदाह, तितली और बुलबुल नाम दिए हैं। इस कारण ही लिस्‍ट के आधार पर ओडिशा में आए मौजूदा तूफान का नाम 'फोनी' है। पिछले साल इसी तरह इस क्षेत्र में आए तूफान का नाम तितली रखा गया था। दो साल पहले नवंबर में दक्षिणी तमिलनाडु में जो साइक्‍लोन 'ओखी' आया था, वह नाम भी बांग्‍लादेश ने दिया था।
2013 में आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 'फेलिन' ने कहर बरपाया था। इस सूची के आधार पर उस साइक्‍लोन का नाम थाईलैंड ने दिया था। इन देशों के द्वारा दिए गए नाम एक बार इस्‍तेमाल होने के बाद आमतौर पर रिटायर होते हैं। उनकी जगह उसी जेंडर और उसी वर्णक्रम का नया नाम संबंधित देश देता है। 20वीं सदी की शुरुआत में सबसे पहले ऑस्‍ट्रेलिया के मौसम विज्ञानी क्‍लीमेंट व्रेग ने ट्रॉपिकल साइक्‍लोन को नाम देने का चलन शुरू किया। 1887-1907 के दौरान उन्‍होंने कई नाम दिए। वे अक्‍सर अपने देश के जिन राजनेताओं को पसंद नहीं करते थे, उनके नाम के आधार पर ही साइक्‍लोन का नामकरण कर देते थे। द्वितीय विश्‍व युद्ध के दौर में अमेरिकी एयर कॉर्प और नेवी के मौसम विज्ञानी आमतौर पर अपनी पत्नियों/गर्लफ्रेंड के नाम पर प्रशांत क्षेत्र में उठने वाले ट्रॉपिकल साइक्‍लोन का नाम रख देते थे। 1950-1952 के दौरान उत्तरी अटलांटिक महासागर के ट्रॉपिकल साइक्‍लोन का अंग्रेजी वर्णमाला के वर्णक्रम के आधार पर नामकरण किया जाने लगा। उसके बाद 1953 में अमेरिकी मौसम ब्‍यूरो ने इसके लिए महिलाओं के नामों को चुना। 1979 से विश्‍व मौसम संगठन और अमेरिकी नेशनल वेदर सर्विस ने ऐसे नामों की सूची बनाई जिनमें पुरुष नाम भी शामिल थे।

Related Posts