YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

बर्फीली हवाओं से बिहार-यूपी में ठंड का प्रकोप जारी

बर्फीली हवाओं से बिहार-यूपी में ठंड का प्रकोप जारी

जम्मू । पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। जम्मू्-कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है। कश्मीर में 40 दिन तक पड़ने वाली कड़ाके की ठंड यानी 'चिल्लई कलां' की सोमवार से शुरुआत हो गई। हालांकि इस बीच घाटी के न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई है। अधिकारियों ने कहा कि 21 दिसंबर से 31 जनवरी तक शीतलहर कश्मीर को अपने आगोश में ले लेती है, जिससे इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ती है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चार डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, राज्य के एकमात्र पर्वतीय स्थल माउंट आबू में रविवार रात तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार माउंट आबू में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से चल रही शीत लहर की स्थिति सोमवार को भी जारी रही। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटे तक राज्य के सभी शहरों में कोल्ड डे या कोल्ड वेब का अलर्ट जारी किया है। उसके बाद के 24 घंटे भी स्थिति में ज्यादा सुधार के आसार नहीं हैं। पटना का अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया। गया का अधिकतम 20.6, भागलपुर का 21.2 जबकि पूर्णिया का 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में प्रचंड शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान पूर्वी व पश्चिमी अंचलों में कई स्थानों को कोल्ड डे के हालात रहेंगे यानी दिन में धूप नहीं निकलेगी। सुबह व रात में घना कोहरा छाया रह सकता है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान चुर्क रहा, जहां रात का तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ, बरेली मण्डलों में रात का तापमान सामान्य से कम रहा। सोमवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों में दिन में धूप खिली मगर ठिठुरन बनी रही। शाम होते-होते ठण्ड का असर और गहरा गया। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में सोमवार को सुबह व रविवार की रात में घना कोहरा छाया रहा।
 

Related Posts