YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

बस्तर में 40 साल बाद दिखा बांस का फूल, अकाल की संभावना से घबराए ग्रामीण -इससे पहले 1979 में आए थे फूल, तब भी पड़ा था अकाल,

बस्तर में 40 साल बाद दिखा बांस का फूल, अकाल की संभावना से घबराए ग्रामीण -इससे पहले 1979 में आए थे फूल, तब भी पड़ा था अकाल,

 छत्तीसगढ़ के बस्तर सहित पूरे जंगल में फूलों से लदे बांस को सहज ही देखा जा सकता है। एक ओर जहां ग्रामीणों में फूल और बीज को लेकर उत्सुकता है तो दूसरी ओर कुछ अनहोनी का डर भी सता रहा है, क्योंकि ऐसा लोकविश्वास है कि जिस साल बांस में फूल आते हैं, उस साल अकाल पड़ता है। जंगल में ग्रामीण बांस के फूल से गिरने वाले बीज को एकत्र कर रहे हैं। वे खाद्य पदार्थ के रूप में इसका उपयोग करते हैं। इसके बीज को पिसवाकर रोटी बनाई जाती है, जिसे बेहद पौष्टिक बताया जाता है। बांस के पौधों में लगभग 40-45 साल बाद फूल आते हैं। बीज मिलने की उत्सुकता के बीच ग्रामीण अकाल पड़ने की चिंता में भी डूब गए हैं।
हालांकि, वैज्ञानिक इसे महज अंधविश्वास बताते हैं। बताया गया कि एक ही प्रजाति के जितने भी बांस होते हैं, उनमें प्राकृतिक रूप से एक साथ फूल आते हैं। यह परिवर्तन 40 से 50 साल बाद होता है। फूल आने के बाद बांस सूख जाता है। इधर सूखे बांस के फूलों से बीज झरते हैं। जंगल के लोग भी इस बीज को संग्रहित कर रखते हैं और समयानुसार इसे खाद्य के रूप उपयोग करते हैं। बस्तर जिले के ग्राम चिलकुटी के रामधन बघेल और अन्य ग्रामीण बताते हैं कि आमतौर पर बांस में फूल आने को ग्रामीण अशुभ मानते हैं। ऐसी मान्यता है कि जिस साल बांस में फूल आते हैं, उस साल सूखा पड़ता है। बस्तर वन परिक्षेत्राधिकारी देवेंद्र वर्मा इसे गलत बताते हुए कहते हैं कि हर पेड़-पौधे में फल-फूल आने का निर्धारित समय होता है। बांस में 40-50 साल बाद फूल आते हैं और इसके साथ ही उक्त बांस का जीवन चक्र समाप्त हो जाता है, इसलिए इसे किसी भ्रांति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। 
ग्राम गुमलवाड़ा, कोलावाड़ा, कालागुड़ा के ग्रामीण बताते हैं कि बांस के दाने झरने से उसे खाने के लिए जंगली चूहों की संख्या बढ़ गई है। पारद करने जाने वाले ग्रामीण इन दिनों इन चूहों का जमकर शिकार कर रहे हैं। महासमुंद के वन मंडालाधिकारी (डीएफओ) आलोक तिवारी बताते हैं कि बांस में फूल आने का कोई निश्चित समय नहीं होता। 
देश में कई प्रजाति के बांस पाए जाते हैं। लेकिन एक ही प्रजाति के बांस में एक ही समय फूल आते हैं। वहीं पारंपरिक ज्ञान और वैज्ञानिकों के शोध में जो तथ्य सामने आए हैं, उसमें बांस की विभिन्न् प्रजातियों मे विभिन्न् अंतराल पर फूल आते हैं। यह अंतराल 40 से 45 वर्ष तक या इससे भी अधिक का हो सकता है।बांस में आए फूल के बारे में कई लोगों ने बताया कि जिंदगी में उन्होंने पहली या दूसरी बार बांस में फूल देखा है। महासमुंद जिले के 66 वर्षीय हृदयलाल साखरे, शंकरलाल बताते हैं कि बांस में फूल का खिलना उस पौधे के नष्ट होने की निशानी है। यह बात उन्होंने अपने पूर्वजों से सुनी थी। अब वे देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1979 में बांस में फूल आए थे। उसके बाद इस साल देखने को मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इसे संयोग ही कहा जाएगा कि 1979 में प्रदेश में अकाल पड़ा था। 

Related Posts