
टोक्यो । सीको हाशिमोतो आगामी टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति की नई अध्यक्ष बनी हैं। हाशिमोतो ने चार बार शीतकालीन और तीन बार ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में भाग लिया है। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति के प्रधान कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद 56 वर्षीय हाशिमोतो को आयोजन समिति का अध्यक्ष चुना गया। वह पूर्व अध्यक्ष मोरी के इस्तीफे के बाद यह पद संभाल रही हैं। इससे पहले मोरी ने महिलाओं को लेकर टिप्पणी के कारण हुए विरोध के बाद पद छोड़ दिया था। हाशिमोतो प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा की कैबिनेट में ओलंपिक मंत्री पद पर है। उनके पास लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण से जुड़ा विभाग भी है। उन्होंने तीन ग्रीष्मकालीन ओलंपिक (1988, 1992 और 1996) तथा चार शीतकालीन ओलंपिक (1984, 1988, 1992 और 1994) में हिस्सा लिया था। उन्होंने 1992 में स्पीडस्केटिंग में 1500 मीटर में कांस्य पदक जीता था। यह ओलंपिक में उनका एकमात्र पदक है। हाशिमोतो का ओलंपिक के साथ विशेष रिश्ता है। उनका जन्म तोक्यो ओलंपिक 1964 के उद्घाटन समारोह से पांच दिन पहले उत्तरी जापान के होकाइदो में हुआ था। उनका नाम ‘सीको’ सीका से लिया गया है जिसका अर्थ ओलंपिक मशाल होता है।