YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

 लाल किला हिंसा के आरोपी लक्खा सिंह सिधाना ने जारी किया भड़काऊ वीडियो -23 फरवरी को किया प्रदर्शन का ऐलान, पुलिस को दी चेतावनी

 लाल किला हिंसा के आरोपी लक्खा सिंह सिधाना ने जारी किया भड़काऊ वीडियो -23 फरवरी को किया प्रदर्शन का ऐलान, पुलिस को दी चेतावनी

चंडीगढ़ । देश की राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर लाल किला पर हुई हिंसा के मास्टरमाइंड और एक लाख रुपये का इनामी पूर्व गैंगस्टर लक्खा सिंह सिधाना ने भड़काऊ वीडियो जारी कर पुलिस को खुलेआम चेतावनी देते हुए 23 फरवरी को एक और प्रदर्शन का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन बठिंडा में करने की बात कही है। उसने वीडियो जारी करके इस प्रदर्शन में पंजाब से ज्यादा से ज्यादा युवाओं को शामिल होने को कहा है। लक्खा सिंह बीते 25 दिनों से लगातार दिल्ली पुलिस की पहुंच से बाहर है। उसके ऊपर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया है। अपने फेसबुक पर उसने एक वीडियो अपलोड किया है। इस वीडियो में वह पंजाब के लोगों और युवाओं को भड़का रहा है। वीडियो किसी टेंट के अंदर रात में बनाया गया है। टेंट में दिख रहा है कि कई लोग जमीन पर कंबल में सो रहे हैं। लक्खा उनके बीच बैठकर वीडियो बना रहा है। वह वीडियो में कह रहा है, '23 फरवरी को बड़ी संख्या में लाखों की संख्या में लोग पहुंचने चाहिए। बठिंडा जिले मेहराज पिंड में आओ, उधर ही प्रदर्शन रखा गया है। आओ मेरे भाइयों बड़ी संख्या में कोशिश करें ताकि पता लगे कि हम किसान आंदोलन के साथ हैं।'
बता दें कि पंजाब में बठिंडा के रहने वाले लाखा सिधाना 26 नवंबर, 2020 से ही सिंघु बॉर्डर पर टिके हुए हैं। सिधाना पर पंजाब में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुके हैं। सिधाना ने दावा किया था कि उन्‍होंने अपराध की दुनिया छोड़ दी है। उसके बाद से ही वे सामाजिक कार्यों में संलिप्त हो गए। उन्‍होंने वर्ष-2012 में पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब के चुनाव निशान पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। अब यह पार्टी अस्तित्व में नहीं है। इसका गठन राज्य के मौजूदा वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने शिरोमणी अकाली दल छोड़ने के बाद किया था। बादल बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए थे और वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव पार्टी के टिकट पर लड़ा था।
दिल्ली पुलिस ने पंजाब के गैंगस्टर लखबीर सिंह लक्खा उर्फ लक्खा सिधाना पर 1 लाख रुपये इनाम की घोषणा की है। पुलिस को उसकी सूचना देने वाले को यह रकम दी जाएगी। लक्खा 26 जनवरी को लाल किले में हुई हिंसा में शामिल था। उस दिन दिल्ली पुलिस के जवानों पर बर्बरता करने वाले और चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया कि क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल की छह टीमें लक्खा को खोज रही है। उसके सिर पर इनाम की घोषणा पिछले हफ्ते की गई थी। कहा जा रहा है कि सिधाना सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों के बीच छिपा है। पिछले हफ्ते उसे टिकरी बॉर्डर के एक वीडियो में देखा गया था, लेकिन सूत्रों का कहना है कि वह जानबूझ कर वीडियो में दिखा ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। एक अधिकारी ने कहा, 'वो पंजाब के भटिंडा जिले के सिधाना गांव का रहने वाला है। एक वक्त वह पंजाब का सबसे कुख्यात गैंगस्टर हुआ करता था। उस पर दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या की कोशिश, बूथ कैप्चरिंग, लूट और अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं।'
 

Related Posts