YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

दिल्ली से पंजाब तक 31 जगह रेल ट्रैक पर बैठे किसान

दिल्ली से पंजाब तक 31 जगह रेल ट्रैक पर बैठे किसान

नई दिल्ली । तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने आज भारत बंद का आयोजन किया है। इस बीच सुबह से ही प्रदर्शनकारियों के जुटने और जाम लगाने के चलते दिल्ली-यूपी को जोड़ने का गाजीपुर बॉर्डर बंद हो गया है। इसके अलावा दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित सिंघु बॉर्डर भी जाम है। गाजीपुर बॉर्डर पर किसान होली के गीत गाते और नाचते नजर आए। वहीं किसानों ने दिल्ली-अमृतसर रेल रूट पर भी जाम कर दिया है। देश के कई हिस्सों में भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभाव दिल्ली के आसपास के इलाकों और हरियाणा-पंजाब में ही दिखा है। किसान संगठनों ने चुनावी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में बंद से अलग रखा है। संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, देशव्यापी बंद सुबह 6 बजे शुरू हुआ और यह शाम 6 बजे तक लागू रहेगा। दिल्ली, हरियाणा से लेकर पंजाब तक किसान आंदोलनकारियों ने 31 स्थानों पर रेलवे ट्रैक्स को जाम कर दिया है। इसके चलते दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे मंडल में ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। रेलवे ने भारत बंद को देखते हुए 4 शताब्दी ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया है। संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद का हरियाणा में काफी असर दिख रहा है। सूबे के छोटे कस्बों में भी बंद प्रभावी नजर आ रहा है। राज्य की सब्जी मंडियों, बाजार और सड़कें खाली दिखाई दिए। किसान सब्जियां बेचने के लिए मंडी नहीं पहुंचे और खरीददारों को वापस लौटना पड़ा। एक खरीददार ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र की लडवा सब्जी मंडी गए थे, लेकिन वहां कुछ नहीं मिल सका। सब कुछ बंद है। वरिष्ठ किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि सड़क और रेल परिवहन अवरुद्ध हो जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि बाजार भी बंद रहेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बंद की बात कही है। राजेवाल ने कहा कि संगठित और असंगठित क्षेत्रों के ट्रेड यूनियनों, और अन्य संगठनों ने 26 मार्च को किसान संगठनों के 'भारत बंद' को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा किसान विभिन्न स्थानों पर रेल पटरियों को अवरुद्ध करेंगे। बाजार और परिवहन सेवाएं बंद होंगी।
 

Related Posts