YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

एंटरटेनमेंट

कारगिल गर्ल' में व्यस्त हैं जाह्नवी

कारगिल गर्ल'  में व्यस्त हैं जाह्नवी

अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की आने वाली फिल्म 'कारगिल गर्ल' की शूटिंग जोरों पर है। फिल्म 'कारगिल गर्ल' भारतीय वायु सेना की अधिकारी गुंजन सक्सेना के जीवन पर आधारित बताई जा रही है। गुंजन सक्सेना ने युद्धक्षेत्र में उड़ान भरकर इतिहास रचा था। ऐसा कारनामा भारतीय वायुसेना में गुंजन से पहले किसी महिला ने नहीं किया था। गुंजन को इस बहादुरी के लिए शौर्य चक्र से भी सम्मानित किया गया था। अंगद बेदी फिल्म में गुंजन के भाई अंशुमान सक्सेना की भूमिका निभाएंगे जबकि पंकज त्रिपाठी गुंजन के पिता की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
वहीं जाह्नवी कपूर की बात करें तो 'धड़क' के बाद ये उनकी दूसरी मूवी है। जाह्नवी करण जौहर की मल्टीस्टारर फिल्म 'तख़्त' में भी नजर आएंगी। 
असिस्टेंट डायरेक्टर का काम कर रहीं शनाया
जाह्नवी कपूर के साथ उनकी चचेरी बहन शनाया कपूर बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम कर रहीं हैं। शूटिंग के दौरान फिल्म के सेट से शनाया कपूर की एक तस्वीर सामने आई है। दरअसल, संजय कपूर ने इंस्टाग्राम पर बेटी शनाया की एक तस्वीर साझा की है।
इस तस्वीर में शनाया कैप और गॉगल्स पहने दिख रही हैं। साथ ही उन्होंने अपना मुंह झुलसती गर्मी के चलते गुलाबी रंग के दुपट्टे से ढक रखा है। शनाया की पिक्चर को इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए संजय कपूर ने लिखा, "मेरी मेहनती बेटी 41 डिग्री में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर शूट कर रही है, फिल्म इंडस्ट्री में उसका स्वागत है।"
संजय कपूर ने शनाया की फिल्म 'कारगिल गर्ल' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करने का खुलासा एक साक्षात्कार में किया था। संजय ने कहा था, "यह एक संयुक्त फैसला था। वह केवल वक्त बर्बाद करने की बजाय, चीज़ों को समझना चाहती थी और कुछ अलग करने के लिए बहुत उत्सुक थी। कोई भी फिल्म करने से पहले विदेश जाकर 3 साल के कोर्स से बेहतर उसने यहीं रहकर ये रास्ता चुना।"
संजय ने कहा था, "जीवन में कुछ भी अनुभव से बेहतर नहीं होता। वे हमेशा शनाया का मार्गदर्शन करने के लिए उनके साथ हैं।" इस दौरान करण जौहर के शनाया को बॉलीवुड में लांच किए जाने की अफवाह को संजय ने झूठा ठहराया था।

Related Posts