YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

 दिल्ली में 70 सालों में पहली बार ऐसा मौसम

 दिल्ली में 70 सालों में पहली बार ऐसा मौसम

नई दिल्ली । देश के पश्चिमी तट को दहलाने वाले चक्रवाती तूफान ताउते की वजह से राजधानी दिल्ली में बुधवार के दिन रिकॉर्ड बारिश हुई। लगातार हो रही बरसात के चलते दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 16 डिग्री कम रहा जो पिछले 70 वर्षों में सबसे कम है। आपको बता दें कि अभी दिल्ली का तापमान और गिरेगा क्योंकि गुरुवार को भी ताउते का असर दिख रहा है। आज भी सुबह से बारिश हो रही है जिसके चलते कई जगहों पर जलभराव हो गया है। दिल्ली वालों के लिए मई का यह तीसरा सप्ताह काफी राहत भरा साबित हो रहा है। फरवरी, मार्च और अप्रैल का महीना दिल्ली में आमतौर पर सूखा रहा था। इसके चलते इन तीनों ही महीनों में सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस की गई थी। कई मौकों पर तापमान 40 डिग्री से पार रहा। लेकिन, अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार की तड़के से ही हल्की और मध्यम बारिश शुरू हो गई। दिन भर हल्की बारिश की लड़ी टूटी नहीं और घने बादल छाए रहे। सूरज के एकदम भी दिखाई नहीं पड़ने के चलते अधिकतम तापमान में खास बढ़ोतरी नहीं हुई। सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 16 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से पांच डिग्री है। इस प्रकार से देखें तो न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगभग ढाई डिग्री का ही फासला रहा। सफदरजंग मौसम केन्द्र में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम को साढ़े पांच बजे के बीच 31.3 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की गई। जबकि, शाम के साढ़े आठ बजे बारिश का आंकड़ा 60 मिलीमीटर तक पहुंच गया था। देर रात दस बजे तक भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो गई। इससे पूर्व 1976 के मई महीने की 24 तारीख को 60 मिलीमीटर बरसात हुई थी। जो कि ऐतिहासिक तौर पर दिल्ली के लिए मई महीने के किसी दिन का रिकॉर्ड था।
 

Related Posts