
नई दिल्ली । केन्द्रीय खेल मंत्रालय ने महिला कबड्डी खिलाड़ी वी तेजस्विनी बाई के लिए दो लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करायी है। तेजस्विनी कोविड—19 से संक्रमित रही हैं। इस वायरस के कारण उनके पति की भी मौत हो गयी थी। खेल मंत्रालय ने उन्हें यह सहायता भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के साथ एक नयी संयुक्त पहल के तहत मंजूर की है। यह पहल महामारी के दौरान खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की मदद से जुड़ी है। वित्तीय सहायता खिलाड़ियों के लिये पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय कल्याण कोष से दी गयी है।
स्वर्ण पदक विजेता तेजस्विनी और उनके पति एक मई को कोविड—19 से संक्रमित हो गये थे। वह जहां इससे उबर रही हैं वहीं उनके पति की का 11 मई को निधन हो गया था। भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) द्वारा जारी बयान में तेजस्विनी ने कहा, ''वह केवल 30 साल के थे और अपने पिता के निधन के बाद काफी घबराये हुए थे। डर और तनाव के कारण उनकी जान चली गयी। '' उन्होंने कहा, ''मुझे इस वित्तीय सहायता की उम्मीद नहीं थी पर खेल मंत्रालय, साइ और आईओए ने हमारी मदद करने के लिये तुरंत ही फैसला किया। पहली बार हमें इस तरह की सहायता दी गयी है।'' तेजस्विनी 2010 और 2014 में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य थी।