
नई दिल्ली । कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए राष्ट्रमंडल तीरंदाजी और निशानेबाजी चैंपियनशिप को रद्द कर दिया गया है। राष्ट्रमंडल तीरंदाजी और निशानेबाजी चैंपियनशिप बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों (सीडब्ल्यूजी) 2022 से पहले चंडीगढ़ में होनी तय हुई थी। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के साथ बात करने के बाद भारतीय राष्ट्रमंडल खेल (सीजीआई) के कार्यकारी बोर्ड ने राष्ट्रमंडल तीरंदाजी और निशानेबाजी चैंपियनशिप को रद्द करने का फैसला किया है।
सीजीएफ अध्यक्ष लुइस मार्टिन ने कहा, ‘‘ हम निराश हैं कि 2022 राष्ट्रमंडल तीरंदाजी और निशानेबाजी चैंपियनशिप अब नहीं होगी। वर्तमान हालातों में यह सही निर्णय है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ इससे हमें कई चीजें सीखने को मिली हैं जिससे हमारे कार्यों को भविष्य में लाभ होगा। चंडीगढ़ 2022 की अवधारणा ने भविष्य की सह-मेजबानी की संभावनाओं को बेहतर बनाया हालांकि इसपर हमें अभी और काम करना होगा।’’
राष्ट्रमंडल खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा में भारत का शानदार प्रदर्शन रहा है। इसी कारण जब बर्मिंघम 2022 सीडब्ल्यूजी के कार्यक्रम से निशानेबाजी को बाहर रखा गया था, तो भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए इन खेलों का बहिष्कार करने की धमकी दी थी।
इसके बाद हालांकि सीजीएफ अध्यक्ष मार्टिन और तत्कालीन सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) डेविड ग्रेवमबर्ग की यात्रा के बाद आईओए ने खेलों का बहिष्कार के फैसले को पलट दिया था। इसके समाधान के तहत अगले साल होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों से छह महीने पहले जनवरी में चंडीगढ़ में इन दोनों खेलों के लिए चैंपियनशिप का आयोजन करना शामिल था। इस चैंपियनशिप के पदकों को बाद में राष्ट्रमंडल खेलों की पदक तालिका में जोड़ा जाना था।