YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

 मोदी सरकार और निगमों के अच्छे काम भाजपा की जीत का आधार बनेंगे: दिलीप सैकिया

 मोदी सरकार और निगमों के अच्छे काम भाजपा की जीत का आधार बनेंगे: दिलीप सैकिया

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सासंद दिलीप सैकिया ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी निगम चुनावों की तैयारियां शुरु करने का अवाहन् करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार और तीनों निगमों ने गत 5 वर्षों में जन कल्याण के जितने काम किए हैं, हमें उनके दम पर जनता के बीच जाकर अपनी बात रखने में सुविधा होगी। दिल्ली में अपने तीन दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन सैकिया ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन की उपस्थिति में सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों और तीनों निगमों के महापौर सहित अन्य निगम पदाधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान दिल्ली में भाजपा की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन कल्याणकारी नीतियों मुफ्त वैक्सीन, आयुष्मान भारत योजना और गरीबों की मुफ्त राशन देने की योजना ऐसी है जिनका हमें घर-घर तक प्रचार करना है। 
दिलीप सैकिया ने कहा कि इस दौरान नगर निगमों ने जिस बेहतर ढंग से सफाई अभियान चला कर वैक्सीनेशन में मदद की है, वे अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना घर-घर जाकर कोरोना पीड़ितों की राहत सामग्री पहुंचाई है, उसकी देशभर में चर्चा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता लोगों की मदद कर रहा था और हमें इस आधार पर अगले निगम चुनावों में इसका लाभ मिलना तय है। 
सैकिया ने सभी को एक माला के मोती की तरह मिलकर काम करने की सलाह देते हुए कहा कि दिल्ली में भाजपा का मुकाबला विश्व के सबसे झूठे और नौटंकीबाज नेताओं के समूह आम आदमी पार्टी के साथ है। कोरोना काल में दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री सहित सारे मंत्री और उनके 62 विधायकों ने अपने नेताओं की टोली के साथ होम आइसोलेट हो गए थे जिसे देश और जनता बखूबी जान चुकी है। प्रदेश कार्यालय में हुई आज बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद हर्षवर्धन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी, सांसद रमेश बिधूड़ी, सांसद गौतम गंभीर, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक विजेन्द्र गुप्ता, विधायक सर्व ओ. पी. शर्मा, मोहन सिंह बिष्ट, अनिल बाजपेयी, अजय महावर एवं जितेन्द्र महाजन, तीनों निगमों के महापौर एवं अन्य प्रदेश और निगम के पदाधिकारी उपस्थित थे।
 

Related Posts