YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

स्पोर्ट्स

करो या मरो मुकाबले में वंदना ने हैट्रिक कर रचा इतिहास, भारत की दक्षिण अफ्रीका पर 4-3 से जीत

करो या मरो मुकाबले में वंदना ने हैट्रिक कर रचा इतिहास, भारत की दक्षिण अफ्रीका पर 4-3 से जीत

नई दिल्ली । भारतीय महिला टीम ने करो या मरो मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हरा दिया है। भारत की तरफ से वंदना कटारिया ने तीन और नेहा गोयल ने एक गोल दागा। वंदना कटारिया पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने ओलंपिक के किसी मैच में हैट्रिक लगाई है। भारतीय हॉकी टीम के अगले दौर में जाने की उम्मीदें अभी भी बची हुई है। ब्रिटेन अगर आयरलैंड को हरा देता है तो भारत क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगा। 
वंदना कटारिया ने पहले क्वार्टर ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाते हुए चौथे मिनट में गोल दाग दिया, हालांकि पहले क्वार्टर के अंतिम क्षणों में दक्षिण अफ्रीका ने बराबरी का गोल कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भी वंदना ने आक्रामक खेल दिखाया और स्कोर 2-1 कर दिया। दक्षिण अफ्रीका ने हालांकि भारत की बेहद कमजोर दिख रही डिफेंस लाइन को दूसरी बार भेद दिया। 
पहले हाफ में मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। तीसरे क्वार्टर में भारत ने एक बार फिर जबरदस्त शुरुआत करते हुए नेहा गोयल के गोल की मदद से अपनी बढ़त 3-2 से कर ली थी। लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने जबरदस्त वापसी करते हुए तीसरा गोल दाग दिया। मैच के 49वें मिनट में कटारिया ने तीसरा गोल करते हुए भारत को 4-3 से आगे कर दिया जो निर्णायक साबित हुआ। दक्षिण अफ्रीका के लिए टैरिन ग्लास्बी, कप्तान एरिन हंटर और मारिजेन मराइस ने गोल दागे।
लगातार दूसरी बार ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम रियो ओलंपिक में 12वें स्थान पर रही थी। पहले तीन मैचों में भारत को दुनिया की नंबर एक टीम नीदरलैंड ने 5-1 से, जर्मनी ने 2-0 और गत चैम्पियन ब्रिटेन ने 4-1 से हराया था। चौथे मैच में नवनीत कौर के गोल की बदौलत भारत ने आयरलैंड को 1-0 से मात दी थी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है जहां उसका सामना पूल-बी में तीसरे नंबर पर रहे ब्रिटेन से होगा। 
भारत ने शुक्रवार को मेजबान जापान को 5-3 से हराया, जो लीग चरण का उसका अंतिम मैच था। भारत के लिए सिमरनजीत सिंह, शमशेर सिंह और नीलकांत शर्मा ने 1-1 गोल किया। वहीं गुरजंत सिंह ने 2 गोल दागे। भारत ने लीग चरण में लगातार तीसरी और ओवरऑल चौथी जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया से हार झेलने के बाद भारतीय टीम ने स्पेन, अर्जेंटीना के बाद अब जापान को भी हराया। क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम शाम साढ़े 5 बजे से ग्रेट ब्रिटेन का सामना करेगी।
 

Related Posts