YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

स्पोर्ट्स

 टोक्यो ओलंपिक में आधी रही महिलाओं की हिस्सेदारी 

 टोक्यो ओलंपिक में आधी रही महिलाओं की हिस्सेदारी 

टोक्यो । कोरोना काल में हुए टोक्यो ओलंपिक खेलों में महिलाओं की हिस्सेदारी तकरीबन आधी रही है।आधुनिक ओलंपिक खेलों के 125 साल के इतिहास में यह पहला ओलंपिक रहा है जिसमें हर स्तर पर महिलाओं का प्रतिनिधितत्व रहा।  फिर चाहे वह खेलों का आयोजन हो या खिलाड़ियों की तादाद। इन खेलों में महिलाओं की भागीदारी लगभग 49 फीसदी रही। इन खेलों में दुनियाभर के कुल 11 हजार 90 खिलाड़ियों ने भाग लिया है। जिसमें 5 हजार 704 पुरुष और 5 हजार 386 महिला खिलाड़ी हैं। ओलंपिक के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि ओलंपिक के सभी सदस्य देशों ने अपने देश की कम से कम एक महिला खिलाड़ी को ओलंपिक में खेलने के लिए भेजा। इसके साथ ही कुछ देखों के ओलंपिक दल में महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुष खिलाड़ियों से कहीं ज्यादा थी। 
ऑस्ट्रेलिया के कुल 480 खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लिया था। जिसमें 257 महिलाएं और 223 पुरुष थे। वहीं इसी प्रकार ब्रिटेन के कुल 376 खिलाड़ियों में 200 महिलाएं और 176 पुरुष शामिल थे। कनाडा के 381 खिलाड़ियों ने ओलंपिक में भाग लिया था जिसमें 233 महिलाएं और 148 पुरुष थे। वहीं पदक तालिका में भी खिलाड़ियों की अच्छी-खासी तादाद रही। पहले स्थान पर रहने वाले चीन के कुल 406 खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में भाग लिया था, जिसमें आधे से ज्यादा 281 महिलाएं थी जबकि 125 पुरुष थे। वहीं भारत के ओलंपिक दल में कुल 126 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिसमें 71 पुरुष और 55 महिला खिलाड़ी शामिल थीं। वहीं साल 1896 में जब आधुनिक ओलंपिक खेलों की शुरुआत हुई थी तब ओलंपिक खेलों में महिलाओं के भाग लेने पर पाबंदी लगा दी गई थी। 
ओलंपिक गेम्स में महिलाओं को पहली बार खेलने की अनुमति साल 1900 के पेरिस ओलंपिक में मिली थी। जहां 22 महिला खिलाड़ियों ने ओलंपिक खेलों में भाग लिया था। अब साल 2024 में आयोजित होने वाला पेरिस ओलंपिक पहला ऐसा ओलंपिक होगा जहां महिलाएं और पुरुष खिलाड़ियों की संख्या बराबर होगी।  पेरिस ओलंपिक 2024 में कुल 10 हजार 500 खिलाड़ियों का एथलीट कोटा होगा. जिसमें 5 हजार 250 महिलाएं और 5 हजार 250 पुरुष भाग लेंगे।
 

Related Posts