YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

 नीरज के माता पिता के पैर छूकर रो पड़े हरियाणा गृहमंत्री विज, कहा आपके बेटे ने देश का मान बढ़ाया

 नीरज के माता पिता के पैर छूकर रो पड़े हरियाणा गृहमंत्री विज, कहा आपके बेटे ने देश का मान बढ़ाया

पानीपत । हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज टोक्यो ओलंपिक की भाला फेंक स्पर्धा के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के गांव खंडरा पहुंचे और नीरज की मां सरोज और पिता सतीश चोपड़ा के चरण स्पर्श किए। इसके बाद उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को पगड़ी पहनाई। जब उन्हें याद दिलाया गया कि नीरज के स्वर्ण पदक जीतते ही आप तो नाचने ही लगे थे, तो उन्होंने जवाब दिया-हर दिल जो प्यार करेगा, वो गाना गाएगा...। 
विज ने कहा वह ऐसे होनहार बेटे के माता-पिता के चरण स्पर्श करने आए हैं, जिसने पूरे देश का मान बढ़ाया है। नीरज ने बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एथलेटिक्स में पहली बार गोल्ड आया है। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतकर भारत का नाम सारे विश्व में ऊंचा किया है। देश का सपना पूरा किया है। किसी भी देशवासी के लिए इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।
सांसद संजय भाटिया ने कहा कि 23 वर्ष के युवा ने पूरे देश के युवाओं में ऊर्जा का संचार कर दिया। लाखों, करोड़ों लोग इनसे प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा उन्होंने जब चुनाव जीता, उससे कई गुना खुशी नीरज के जीतने पर हुई है। वह तो लोगों के दम पर जीते हैं, नीरज ने अपने दम पर देश को स्वर्ण पदक दिलाया है। इस मौके पर पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, पानीपत शहर विधायक प्रमोद विज, भाजपा प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, पूर्व मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी मौजूद थे। 
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान ने बताया कि नीरज चोपड़ा और भारतीय दल के अन्य खिलाड़ी सोमवार शाम 4:30 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। पानीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में नीरज के स्वागत की तैयारियां की गई हैं। नीरज चोपड़ा के स्वर्ण पदक जीतने के बाद गांव में लगातार लोग बधाइयां देने पहुंच रहे हैं। महिलाएं मंगलगीत गा रही हैं। हर कोई खुशी से झूम रहा है। रोड़ बहुल गांव में वीर शिवाजी छत्रपति के जयकारे भी लग रहे हैं। दरअसल, रोड़ समाज के लोग खुद को मराठा वंश से जोड़ते हैं। उनका मानना है कि 1761 की जंग के बाद जो मराठ बचे थे, वे पानीपत के आसपास जंगलों में बस गए। 
 

Related Posts