
अभिनेत्री साक्षी तंवर एकता कपूर की नई वेब सीरीज 'एमओएम-मिशन ओवर मार्स' में नजर आने वाली हैं। इस वेब सीरीज में वह एक वैज्ञानिक का किरदार निभाते दिखाई देंगी। एकता कपूर ने अपने बर्थडे के दिन यानी 7 जून को इस बारे में जानकारी दी। ऑल्ट बालाजी का ये शो चार महिला वैज्ञानिकों के ऊपर आधारित होगा। ये मंगल ग्रह पर जाने की भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी के मिशन का पूरा लेखा-जोखा तैयार करेंगी। इन चार महिला वैज्ञानिकों में से एक साक्षी भी होंगी। साक्षी के किरदार का नाम नंदिता होगा। वेब सीरीज के बारे में साक्षी ने कहा एमओएम वेब सीरीज पूरी तरह से महिलाओं पर केन्द्रित है। मैं बेहद खुश हूं कि ऑल्ट बालाजी ने मुझे नंदिता हरिप्रसाद का रोल ऑफर किया जो कि आईएसए की एक सीनियर वैज्ञानिक हैं। एमओएम साक्षी के अलावा मोना सिंह, निधि सिंह और पलोमी घोष मुख्य भूमिकाओं में हैं। बता दें कि साक्षी देवी, जेस्सी जैसी कोई नहीं, बालिका वधु, मैं ना भूलूंगी, कहानी घर घर की और बड़े अच्छे लगते हैं, जैसे सीरियल्स किए हैं।
कहानी घर-घर की से उन्हें घर-घर में पहचान मिली। इसके अलावा वह ऑल्ट बालाजी की वेब सीरीज कर ले तू भी मोहब्बत में नजर आई थीं। इस में राम कपूर उनके अपोजिट रोल में थे। इस वेब सीरीज के तीन सीजन आ चुके हैं। सीरीज को काफी पसंद किया गया था। साक्षी तंवर का जन्म 12 जनवरी, 1973 को राजस्थान के अलवर में हुआ था। दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से उन्होंने ग्रेजुएशन किया। साक्षी ने फिल्मों में भी हाथ आजमाया है। वो आमिर खान की दंगल के अलावा सनी देओल के साथ फिल्म मोहल्ला अस्सी में भी नजर आईं।