
छोटे पर्दे का सबसे ज्यादा चर्चित सीरियल कसौटी जिंदगी की-2 में एकता कपूर तरह-तरह के प्रयोग करती देखी जाती हैं। यही वजह है कि यह सीरियल दर्शकों का फेवरेट बना हुआ है। वैसे भी अनुराग और प्रेरणा की ज़िन्दगी और प्यार की यह कहानी शुरू से ही दर्शकों के मन को लुभाती रही है। इस समय दर्शक इसलिए उत्साहित हैं क्योंकि इसमें एक नए किरदार की एंट्री जो होने वाली है। जिस तरह से कुछ समय पहले कोमोलिका ने शो में एंट्री करके अनुराग और प्रेरणा की ज़िन्दगी को हिलाकर रख दिया था अब कहा जा रहा है कि मिस्टर बजाज इन दोनों किरदारों के दोबारा अलग होने का कारण बनते नजर आने वाले हैं। यहां आपको याद दिलाते चलें कि कसौटी के पहले सीजन में एक्टर रोनित रॉय ने मिस्टर बजाज का किरदार निभाया था। उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का मन भी लुभाया, इसी बीच खबर आयी थी कि एकता नए मिस्टर बजाज की तलाश करने में जुट गई हैं। इसी के साथ सूत्रों ने यह भी कहा कि हॉट एक्टर्स में से एक करण सिंह को यह रोल ऑफर किया गया है। इस बात की पुष्टि अभी तक तो नहीं हुई, लेकिन यह क्या क्योंकि अब करण सिंह ग्रोवर का मिस्टर बजाज के रूप में पहला लुक भी सामने आ गया। इससे यह कंफर्म हो रहा है कि करण सिंह ग्रोवर ही नए मिस्टर बजाज होंगे। जहां तक करण के लुक का सवाल है तो साल्ट एंड पेपर लुक में करण खूब हैंडसम लग रहे हैं। ब्लैक कलर के पैंट-सूट में करण स्मार्ट लग रहे हैं। यह लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है। करण का यह लुक देख उनकी पत्नी बिपाशा बसु भी उन पर फिदा होती नजर आ रही है। दरअसल बिपाशा कह रही हैं कि 'बेहद हॉट लग रहे हैं।' सीरियल की शूटिंग स्विट्जरलैंड में होगी, इसलिए बहुत जल्द टीम के साथ करण वहां जाने वाले हैं। अब देखना होगा कि करण पर मिस्टर बजाज का किरदार कितना खिलता है, क्योंकि कहा यह भी जा रहा है कि वो मॉचो मैन टाइप में नजर आने वाले हैं।