YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

हिमाचल में भारी बारिश के चलते चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद, एक्टर सुनील शेट्टी फंसे  -अगले 4 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी 

हिमाचल में भारी बारिश के चलते चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद, एक्टर सुनील शेट्टी फंसे  -अगले 4 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी 


शिमला । पहाड़ों पर भारी बारिश का कहर जारी है।  हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश का सिलसिला अनवरत जारी है।  गुरुवार रात से प्रदेश के कई इलाकों में पानी बरस रहा है। शुक्रवार सुबह 6 बजे से ही लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है।  मौसम विभाग ने हिमाचल में अगले 4 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार सुबह से मंडी, शिमला सहित कई इलाकों में मौसम खराब बना हुआ है। बारिश और भूस्खलन के चलते मंडी जिले में 7 मील के पास चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद है।  सड़क को साफ करने की कोशिशें की जा रही हैं। बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी तेलगू फिल्म की शूटिंग के लिए देर रात मनाली पहुंचे। वह गुरुवार सुबह चंडीगढ़ से मनाली के भुंतर हवाई अड्डे पर चार्टर प्लेन से आ रहे थे, लेकिन खराब मौसम के चलते ऐसा संभव नहीं हो सका। बाद में वह चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से मनाली के लिए निकले, लेकिन मंडी से कुल्लू के बीच फोरलेन निर्माण के चलते वह जाम में फंस गए। बाद में मनाली के घुड़दौड में स्थित होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है।  वह 10 दिन तक यहीं रुकेंगे। तेलगू फिल्म की शूटिंग मनाली के सोलंगनाला, नग्गर और मनाली के आसपास की जाएगी। 
गुरुवार को मंडी जिले में भारी बारिश हुई। भूस्खलन से थुनाग में एक गोशाला और निर्माणाधीन मकान ढह गया है। वहीं, जिले में गुरुवार सुबह सात मील के पास भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-3 करीब तीन घंटे बंद रहा। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। गुरुवार को कांगड़ा में 11 और धर्मशाला में 6 मिलीमीटर बारिश हुई है।  प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम मिलाजुला रहा। बुधवार रात को मंडी जिला के गोहर में 66, मंडी-कांगड़ा में 53, सुंदरनगर में 48, पंडोह में 39, धर्मशाला-नगरोटा सूरियां में 33, बैजनाथ में 24, शिमला में 19, करसोग-जोगिंद्रनगर में 18, नारकंडा में 15, अर्की में 11, पांवटा साहिब में 10 और कुफरी में 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज गई है। गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 36.6, बिलासपुर में 33.0, हमीरपुर में 32.8, चंबा में 31.4, भुंतर में 31.2, सोलन में 31.0, कांगड़ा में 30.1, सुंदरनगर में 29.8, नाहन में 28.6, धर्मशाला में 28.2, केलांग में 26.8, शिमला-कल्पा में 24.1 और डलहौजी में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 
हिमाचल प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान सामान्य से 1 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई है। 20 से 26 अगस्त तक प्रदेश में 51 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। शिमला, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और सोलन जिला में सामान्य से अधिक बारिश हुई। हमीरपुर और किन्नौर में सामान्य तथा चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, ऊना और लाहौल-स्पीति जिला में सामान्य से कम बादल बरसे हैं। मानसून सीजन के तहत अभी भी प्रदेश में सामान्य से 20 फीसदी कम बारिश हुई है। हिमाचल में सितंबर के अंत तक मॉनसून की के विदा होने की उम्मीद हैं। 

Related Posts