
नई दिल्ली। टीम इंडिया के क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की बहन और उनकी पत्नी के बीच हुए विवाद ने सियासी रंग ले लिया है। जडेजा की बहन नयनाबा जहां कांग्रेस से जुड़ी हैं। वहीं जडेजा की पत्नी रीवाबा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता हैं। दोनो के बीच यह विवाद मास्क को लेकर हुआ। जडेजा की पत्नी रीवाबा करणी क्षत्रिय सेना के सौराष्ट्र इकाई की अध्यक्ष होने के कारण सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती हैं। वहीं उनकी बहन नयनाबा भी कांग्रेस के कामकाज देखती हैं।
माना जा रहा है कि रीवाबा और नयनाबा के बीच विवाद की शुरुआत एक राजनीतिक कार्यक्रम के कारण हुई। रीवाबा के एक कार्यक्रम में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। इस कार्यक्रम में उन्होंने ठीक से मास्क भी नहीं पहना था। इस पर टिप्पणी करते हुए नयनाबा ने आलोचना कर दी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के कारण ही गुजरात में तीसरी लहर आयेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त 2020 में भी रीवाबा मास्क नहीं पहनने को लेकर विवादों में आईं थीं। तब कार से उतरते समय उन्होंने मास्क नहीं पहना था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें रोक लिया था, जिस पर उस समय भी काफी विवाद हुआ था।