
शारजाह । मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में जीत दर्ज करने के साथ ही एक अहम रिकार्ड अपने नाम किया है। रोहित इस मैच में दो छक्के लगाने के साथ ही टी20 क्रिकेट में 400 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इस मैच से पहले उन्होंने 398 छक्के लगाए थे। राजस्थान के खिलाफ उन्होंने 13 गेंद पर 22 रन बनाए। इस दौरान एक चौका और 2 छक्के लगाये। इसी के साथ ही वह सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गये। वहीं भारत के ही सुरेश रैना के नाम 325 छक्के हैं और वह दूसरे नंबर पर हैं। गौरतलब है कि टी20 क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 1042 छक्के लगाए हैं। वे 1000 से अधिक छक्के लगाने वाले विश्व के एकमात्र बल्लेबाज हैं।
मुंबई ने राजस्थान के खिलाफ केवल 8.2 ओवर में ही मुकाबला जीत लिया जबकि इस मैच में 70 गेंद बचीं थी। इसी के साथ ही मुंबई की टीम आईपीएल में 2 बार 70 या उससे अधिक गेंद बाकि रहते मैच जीतने वाली एकमात्र टीम भी बन गई है। इससे पहले मुम्बई ने साल 2008 में केकेआर को 87 गेंद शेष रहते हराया था। केकेआर की टीम तब केवल 67 रन बनाकर आउट हो गई थी। मुंबई ने लक्ष्य को 5.3 ओवर में हासिल कर लिया था।