YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी, 2 हाईवे बंद, 150 सैलानी फंसे -अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक बर्फबारी, पर्यटकों ने खूब मस्ती की

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी, 2 हाईवे बंद, 150 सैलानी फंसे -अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक बर्फबारी, पर्यटकों ने खूब मस्ती की

शिमला। मॉनसून की विदाई के 9 दिन बाद हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली और लाहौल स्पीति के निचले इलाकों में सीजन का पहला हिमपात हुआ। दो दिनों से लाहौल-स्पीति समेत प्रदेश के उच्च पर्वतीय भागों में बर्फबारी और बारिश हुई है। लाहौल स्पीति के बारालाचा दर्रा में 60, रोहतांग में 35 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात हुआ है। वहीं स्पीति घाटी ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ ली है। बर्फबारी से लेह मनाली, ग्रांफू-काजा नेशनल हाईवे बंद हो गए हैं और शिंकुला, जंस्कर, कोकसर से लोसर और लोसर से चंद्रताल, कुंजुम पास मार्ग भी आगामी आदेशों तक बंद कर दिए हैं। लाहौल के रिहायशी इलाके भी बर्फ से लकदक हो गए हैं। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक बर्फबारी हुई है, जहां पर्यटकों ने खूब मस्ती की। चंबा, धर्मशाला और किन्नौर की चोटियां बर्फ से सफेद हो गई हैं।   राज्य आपदा प्रबंधन के अनुसार, बर्फबारी के चलते स्पीति के समदो में 150 के करीब सैलानी और लोग फंसे हुए हैं। यहां कुल 30 वाहन फंसे हैं। हालांकि, सभी फंसे हुए लोग सुरक्षित हैं और सेना की देखरेख में है।
  हिमाचल में सोमवार को शिमला समेत प्रदेश भर में बारिश हुई। हालांकि, कई जिलों तेज बारिश नहीं हुई। कुल्लू दशहरा में देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे देवलुओं और श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम की वजह से प्रदेश भर में छोटी-बड़ी 37 सड़कें बंद हैं।  डीसी लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने लोगों और सैलानियों से सतर्क रहने की अपील की है और सभी पंचायत प्रधानों, गैर सरकारी संगठनों, ट्रैकरों और पैदल यात्रियों से प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के दूरभाष टोल फ्री पर सूचित करने की अपील की गई है। प्रदेश में 20 अक्तूबर से मौसम साफ रहेगा। अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिलेगी। हालांकि, मंगलवार को मध्यम और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। बारिश और पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड हो गई है। बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। राज्य में अधिकतम तापमान में आठ से नौ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला और मनाली में लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। शिमला में सोमवार को अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री, सुंदरनगर में 20.6 डिग्री, भुंतर में 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान हंसा में तीन सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। 
 

Related Posts