YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

 भाजपा शासित नार्थ एमसीडी के कर्मचारियों को तीन महीने से नहीं मिला वेतन : सौरभ भारद्वाज

 भाजपा शासित नार्थ एमसीडी के कर्मचारियों को तीन महीने से नहीं मिला वेतन : सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी ने एमसीडी के कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के मुद्दे पर आज भाजपा की कड़ी आलोचना की। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि त्यौहारों का सीजन है और भाजपा शासित नॉर्थ एमसीडी के कर्मचारियों को तीन महीने से तनख्वाह नहीं मिली है। सफाई कर्मचारियों को दो महीने से, डॉक्टरों, नर्सों को 3 महीने से और डीबीसी कर्मचारियों को भी तीन महीने से तनख्वाह नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं दे रहे हैं, लेकिन नार्थ एमसीडी के मेयर कल अपने घर पर दिवाली मिलन समारोह करने जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी से तत्काल प्रभाव से सभी कर्मचारियों की तनख्वाह जारी करने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और ग्रेटर कैलाश से विधायक सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब पूरे देश में दिवाली की तैयारियां चल रही हैं। लोग बाजारों के अंदर नए कपड़े खरीद रहे हैं। घर को सजाने का सामान खरीद रहे हैं। एक दूसरे को उपहार दे रहे हैं। कंपनियां अपने कर्मचारियों को दिवाली का बोनस दे रही हैं। एडवांस में तनख्वाह दे रही हैं। उस समय दिल्ली का एक ऐसा वर्ग है, जिसको पिछले तीन महीने से तनख्वाह नहीं मिली है। 
उन्होंने कहा कि दिल्ली के सफाई कर्मचारी, जिन्होंने कोरोना वारियर्स का काम किया। मेहनत की, दिल्ली की स्वच्छता के लिए रोज़ सुबह-सुबह झाड़ू उठाते हैं और सफाई करते हैं। उन लोगों को पिछले दो महीनों से तनख्वाह नहीं मिली है। डेंगू का कहर पूरी दिल्ली में छाया हुआ है और हमने पहले भी बताया है कि कैसे एमसीडी के डीबीसी विभाग ने अभी तक लोगों के घरों में जाना शुरु नहीं किया है। जिसका मूल कारण यह निकल कर आया है कि डीबीसी (डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स) कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से नॉर्थ एमसीडी ने तनख्वाह नहीं दी है। डेंगू का इलाज करने वाले डॉक्टरों और नर्सों को भी पिछले तीन महीने से तनख्वाह नहीं मिली है। शिक्षकों को पिछले तीन महीनों से तनख्वाह नहीं मिली है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बिना तनख्वाह के यह कर्मचारी दिवाली कैसे मनाएंगे। यह बहुत ही शर्म की बात है कि भाजपा की एमसीडी अपने सफाई कर्मचारियों, डॉक्टरों और टीचरों को तनख्वाह नहीं दे रही हैं। लेकिन नॉर्थ एमसीडी के मेयर राजा इकबाल सिंह कल अपने घर पर दिवाली मिलन का समारोह करने जा रहे हैं। यह तो बेशर्मी है कि आप सफाई कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं दे रहे हैं और अपने घर में दिवाली का उत्सव मना रहे हैं। हम इसकी घोर निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि तुरंत इन कर्मचारियों की पूरी तनख्वाह दी जाए, ताकि यह लोग भी दिवाली मना सकें।
 

Related Posts