YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

सिर्फ इसकारण दोषी ठहराना बुद्धिमानी नहीं हो सकती , क्योंकि जघन्य अपराधों में भारी वृद्धि हुई 

सिर्फ इसकारण दोषी ठहराना बुद्धिमानी नहीं हो सकती , क्योंकि जघन्य अपराधों में भारी वृद्धि हुई 

नई दिल्ली ।सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति को सिर्फ इसकारण दोषी ठहराना बुद्धिमानी या विवेकपूर्ण नहीं हो सकता, क्योंकि जघन्य अपराधों में भारी वृद्धि हुई है।इसके साथ ही न्यायालय ने 1999 में दर्ज कथित डकैती के मामले में दोषी ठहराए गए व्यक्ति को बरी कर दिया। प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि आपराधिक न्यायशास्त्र के मुख्य सिद्धांत को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए कि दस दोषी व्यक्ति भले ही बच जाएं, लेकिन किसी एक निर्दोष को सजा नहीं होनी चाहिए। पीठ ने कहा कि इसतरह के मामलों में जहां महत्वपूर्ण गवाहों के पलटने का अनुमान है, अभियोजन पक्ष का कर्तव्य है, कि सीआरपीसी की धारा 164 के तहत उनके बयान जल्द से जल्द दर्ज करवाएं या अन्य ठोस सबूत एकत्र करें ताकि मामला पूरी तरह से मौखिक गवाही पर निर्भर नहीं रहे।
इस पीठ में न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति हिमा कोहली भी शामिल हैं। पीठ ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय और निचली अदालत द्वारा पारित फैसलों को खारिज कर दिया,जिसमें उस व्यक्ति को दोषी ठहराया गया था। पीठ ने कहा कि रिकॉर्ड पर मौजूद साक्ष्य उसके अपराध को उचित संदेह से परे स्थापित नहीं करते।सर्वोच्च अदालत ने उच्च न्यायालय के सितंबर 2009 के उस फैसले के खिलाफ दायर अपील पर फैसला सुनाया जिसमें निचली अदालत के मार्च 2002 के दोषिसद्धि के आदेश को बरकरार रखा गया था। 
आशीष दुबे / 09 नंबवर 2021 

मछुआरे की हत्या के मामले में भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग के वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया 
नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग के वरिष्ठ राजनयिक को तलब कर पाकिस्तानी नौवहन सुरक्षा एजेंसी द्वारा अरब सागर में निर्दोष भारतीय मछुआरे की दो दिन पहले की गई हत्या पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस निंदनीय कृत्य की भर्त्सना करते हुए भारत ने पाकिस्तान से घटना की जांच करने और अपने बलों को बिना उकसावे की गोलीबारी से बचने का निर्देश देने को कह दिया है। पाकिस्तानी नौवहन सुरक्षा एजेंसी ने अरब सागर में मछली पकड़ने वाली एक भारतीय नौका पर अकारण गोलीबारी की, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। एक सूत्र ने कहा, पाकिस्तान उच्चायोग के वरिष्ठ राजनयिक विदेश मंत्रालय ने तलब कर भारतीय मछुआरों पर अकारण गोलीबारी की घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।’’
माना जा रहा है कि उच्चायोग से पाकिस्तानी काउंसलर (राजनीतिक) को विदेश मंत्रालय ने तलब किया था। सूत्रों ने कहा कि भारत सरकार ने मछली पकड़ने वाली भारतीय नौका पर गोलीबारी करने को लेकर पाकिस्तानी एजेंसी की निंदा की। पाकिस्तान सरकार को भी घटना की जांच करने और अपने बलों को अकारण गोलीबारी के इसतरह के कृत्यों से बचने  निर्देश देने के लिए कहा गया है।सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी एजेंसी ने मछली पकड़ने वाली भारतीय नौका ‘जलपरी’पर गोलीबारी की, जिसमें भारतीय मछुआरे की मौत हो गई और एक अन्य मछुआरा गंभीर रूप से घायल हो गया। भारतीय अधिकारियों के अनुसार यह घटना शनिवार शाम करीब चार बजे अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास हुई।
आशीष दुबे / 09 नंबवर 2021 

यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क में शामिल श्रीनगर, पीएम मोदी ने दी बधाई 
नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीनगर को ‘यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क (यूसीसीएन) में शामिल करने पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को बधाई दी।पीएम मोदी ने कहा कि यह शहर के जीवंत सांस्कृतिक लोकाचार के लिए उचित सम्मान है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर दुनियाभर के उन 49 शहरों में से एक है, जिन्हें यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क (यूसीसीएन) में शामिल किया गया। इस सूची में 246 शहर पहले से हैं। इन 49 शहरों को इस सूची में यूनेस्को के महानिदेशक ऑद्रे अजॉले द्वारा ‘‘विकास के केंद्र में संस्कृति और रचनात्मकता को बनाए रखने की उनकी प्रतिबद्धता और ज्ञान एवं अच्छी प्रथाओं को साझा करने संबंधी’’ मान्यता देने के बाद शामिल किया गया।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया,इसकी प्रसन्नता है कि सुंदर शहर श्रीनगर को यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क में शामिल किया गया और इसमें हस्तशिल्प एवं लोक कलाओं का विशेष तौर पर जिक्र किया गया।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘यह श्रीनगर के जीवंत सांस्कृतिक लोकाचार के लिए उचित सम्मान है। जम्मू-कश्मीर के लोगों को बधाई।
आशीष दुबे / 09 नंबवर 2021 

चुनाव आयोग ने कहा, बीजद के 22 विधायक लाभ का पद रखने के लिए अयोग्य करार देने के दायरे में नहीं 
नई दिल्ली (ईएमएस)। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि बीजू जनता दल (बीजद) के 22 विधायक जिन्हें कुछ वर्ष पहले विभिन्न जिला योजना समितियों और विशेष विकास परिषदों का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, वे लाभ का पद रखने के लिए अयोग्य करार देने के दायरे में नहीं आते हैं। पिछले महीने ओडिशा के राज्यपाल को दी गई, एक राय में, चुनाव आयोग ने कहा कि 22 विधायकों में से, 20 द्वारा संभाले गए पदों को वैधानिक कानून के तहत अयोग्यता से छूट दी गई थी। ओडिशा विधानसभा का सदस्य बनने से पहले दो विधायकों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।निर्वाचन आयोग के विचार में कहा गया, उपरोक्त के मद्देनजर, यह आयोग मानता है कि ओडिशा विधानसभा के 22 प्रतिवादी विधायकों में से किसी को भी भारत के संविधान के अनुच्छेद 191(1)(ए) के प्रावधानों के तहत अयोग्य नहीं ठहराया जा सकता है।
निर्वाचन आयोग की 13 अक्टूबर की राय के आधार पर, ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने 22 अक्टूबर को एक आदेश जारी किया,इसमें कहा गया था कि संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों और चुनाव आयोग की राय को देखते हुए, मैं आदेश देता हूं कि मेरे सामने भारत के संविधान के अनुच्छेद 191 के तहत उपरोक्त के रूप में दायर आवेदन भारत के संविधान के अनुच्छेद 191 के तहत निर्वाचित प्रतिनिधियों की अयोग्यता का आधार नहीं हो सकते और इसलिए विचार योग्य नहीं हैं। समरेंद्र बेउरा नाम के एक व्यक्ति ने विधायकों को अयोग्य ठहराने का अनुरोध कर कई याचिकाएं दायर की थी।
आशीष दुबे / 09 नंबवर 2021 

भाजपा सांसद की कांग्रेस को धमकी, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को निशाना बनाने पर आंखें निकल ली जाएगी  
गुरग्राम (ईएमएस)। रोहतक में अपनी पार्टी के कुछ नेताओं को पकड़ने पर कांग्रेस पर हमला कर भाजपा सांसद अरविंद शर्मा ने धमकी दी कि अगर कोई हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को निशाना बनाने की कोशिश करता है,तब आंख निकाल ली जाएगी और हाथ काट दिया जाएगा। रोहतक पुलिस ने हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर और जिले के कुछ अन्य भाजपा नेताओं को कई घंटों तक मंदिर परिसर के अंदर बंद रखने के लिए लगभग 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना शुक्रवार को किलोई में हुई जब ग्रामीणों और किसानों के एक समूह ने मंदिर परिसर के बाहर धरना दिया था। रोहतक पुलिस के डीएसपी स्तर के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि करीब 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ आरोप लगाकर रोहतक में एक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की सभा को संबोधित करते हुए, भाजपा सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि ग्रोवर को निशाना बनाया गया क्योंकि दीपेंद्र हुड्डा उनकी वजह से लोकसभा चुनाव हार गए थे। रोहतक में अपनी पार्टी के कुछ नेताओं को पकड़े जाने पर कांग्रेस पर हमला कर भाजपा सांसद ने धमकी दी कि अगर कोई हरियाणा के पूर्व मंत्री ग्रोवर को निशाना बनाने की कोशिश करता है,तब आंख निकाल ली जाएगी और हाथ काट दिया जाएगा"।
शर्मा की टिप्पणी ग्रोवर और कुछ अन्य भाजपा नेताओं को रोहतक के किलोई में एक मंदिर परिसर के अंदर घंटों तक रोके रखने के एक दिन बाद आई है, क्योंकि कई ग्रामीणों और किसानों ने बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।प्रदर्शनकारियों की सभा को संबोधित करते हुए, भाजपा सांसद शर्मा ने कांग्रेस और पार्टी नेताओं भूपिंदर सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा पर हमला किया और कहा कि ग्रोवर को निशाना बनाया गया क्योंकि दीपेंद्र हुड्डा उनकी वजह से लोकसभा चुनाव हार गए थे।
रोहतक से सांसद शर्मा ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं है कि रोहतक लोकसभा सीट मनीष ग्रोवर की वजह से जीती थी।" शर्मा ने कांग्रेस और पार्टी नेता दीपेंद्र हुड्डा को चेतावनी देते हुए कहा, 'अगर मनीष ग्रोवर के खिलाफ कोई आंख उठाई गई तो उस आंख को निकाल दिया जाएगा और अगर कोई हाथ उठाया गया तो वह हाथ काट दिया जाएगा। (हम) नहीं बख्शेंगे।' शुक्रवार को ग्रोवर और भाजपा के कुछ नेताओं को गिरफ्तार किए जाने के बाद, गतिरोध समाप्त होने से पहले रोहतक जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों को शांत करने में घंटों लग गए और नेताओं ने परिसर छोड़ दिया।
 

Related Posts