YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

स्कूली छात्रों में शिक्षा के स्तर के आकलन के लिए राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण शुरू

स्कूली छात्रों में शिक्षा के स्तर के आकलन के लिए राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण शुरू

नई दिल्ली । स्कूली विद्यार्थियों के बौद्धिक और शैक्षिक स्तर का मूल्यांकन करने के लिए नमूना आधारित राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस) 2021 का शुक्रवार 12 नवंबर को आयोजन शुरू हो गया है। मंत्रालय ने ट्वीट किया, ‘21वीं सदी के भारत के निर्माण में शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान है। समय-समय पर मूल्यांकन शिक्षा तंत्र को नई दिशा प्रदान करता है। इसी उद्देश्य से आज (12 नवंबर) देशव्यापी राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस) किया जा रहा है।’ मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण 2021 को सुचारू और निष्पक्ष रूप से आयोजित करने के लिए 1,82,488 क्षेत्र अन्वेषक, 1,23,729 पर्यवेक्षक, 733 जिला स्तरीय समन्वयक और जिला स्तरीय शीर्ष अधिकारियों के अलावा प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में 36 राज्य स्तरीय शीर्ष अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।इसके अलावा, इस सर्वेक्षण के समग्र कामकाज की निगरानी और सर्वेक्षण के निष्पक्ष आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिलों में 1500 बोर्ड प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं। मंत्रालय के अनुसार, एनएएस कक्षा तीन और पांच के लिए भाषा, गणित और ईवीएस में; कक्षा आठवीं के लिए भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में और कक्षा दसवीं के लिए भाषा, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी में किया जा रहा है। सर्वेक्षण संबंधी परीक्षा असमिया, बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, मिजो, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगू, उर्दू, बोडो, गारो, खासी, कोंकणी, नेपाली, भूटिया और लेप्चा सहित शिक्षा के 22 माध्यमों में आयोजित की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछला राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण कक्षा 3, 5 और 8 के स्तर पर बच्चों में विकसित योग्यताओं का आकलन करने के लिए 13 नवंबर, 2017 को आयोजित किया गया था। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, एनएएस 2021 में पूरे देश के सभी स्कूलों यानी सरकारी स्कूलों (केंद्र सरकार और राज्य सरकार), सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और निजी स्कूलों को शामिल किया जा रहा है। एनएएस 2021 के लिए प्राथमिक और माध्यमिक दोनों स्तरों के लिए राज्य और जिला रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाएंगे।
 

Related Posts