YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

कांग्रेस ने पूछा, अगर लोकतंत्र को मजबूत नहीं किया गया, तब फिर मोदी प्रधानमंत्री कैसे बने

कांग्रेस ने पूछा, अगर लोकतंत्र को मजबूत नहीं किया गया, तब फिर मोदी प्रधानमंत्री कैसे बने

नई दिल्ली । कांग्रेस ने संविधान दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विपक्ष पर निशाना साधने के बाद पलटवार कर कहा कि अगर 70 वर्षों में लोकतंत्र को मजबूत नहीं किया गया,तब फिर 2014 में मोदी प्रधानमंत्री कैसे बने। पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की ओर से विपक्ष पर निशाना साधने का कोई औचित्य नहीं था। सरकार कोई अवसर नहीं छोड़ती कि संविधान और संवैधानिक परंपराओं को दबाकर निर्णय लिया जाए।’’
शर्मा ने कहा, यहां राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दल भी हैं। हर दल का अपना एक संविधान होता है। हर दल स्वयं निर्णय लेते हैं। भाजपा के पास भी परिवार है। उसमें संगठन मंत्री के तौर पर लोग काम करते हैं। हर दल का काम करने का अपना तरीका है।उन्होंने पीएम मोदी पर पलटवार करते हुए कहा, 1947 से 2014 तक लोकतंत्र कमजोर नहीं, मजबूत होता रहा। अगर लोकतंत्र को संकट था और लोकतंत्र का सम्मान नहीं किया गया,तब  फिर 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री कैसे बने?इसकारण क्योंकि संविधान, प्रजातंत्र और कानून का सम्मान किया गया था।कांग्रेस नेता ने कहा, आजादी के संग्राम और संविधान बनाने में अगर भाजपा के विचार से जुड़ा कोई एक व्यक्ति शामिल था,तब मैं उन्हें बधाई दूंगा। आज नया इतिहास लिखने की कोशिश हो रही है। हम ऐसा नहीं होने देने वाले है। 
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए पारिवारिक पार्टियों को संविधान के प्रति समर्पित राजनीतिक दलों के लिए चिंता का विषय बताया और दावा किया कि लोकतांत्रिक चरित्र खो चुके दल, लोकतंत्र की रक्षा नहीं कर सकते हैं। संसद के केंद्रीय कक्ष में संविधान दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने किसी दल विशेष का नाम लिए बगैर इस आयोजन का बहिष्कार करने वाले दलों को भी आड़े हाथों लिया और इस पर चिंता जताते हुए कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का स्मरण ना करने और उनके खिलाफ ‘‘विरोध के भाव’’ को यह देश स्वीकार नहीं करेगा।
 

Related Posts