YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

माफिया को संरक्षण देती थी बुआ-भतीजे की सरकार: अमित शाह

माफिया को संरक्षण देती थी बुआ-भतीजे की सरकार: अमित शाह

लखनऊ । केन्द्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह ने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि सपा, बसपा की बुआ-भतीजे की सरकारें माफियाओं का संरक्षण करती थीं, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सारे माफिया उत्तर प्रदेश छोड़कर पलायन कर गए। शाह ने कहा कि प्रदेश में माफिया, गुंडों का राज होता है, वहां गरीब का विकास कभी नहीं होता। गरीब का विकास तभी होता है जब कानून का राज हो। सपा-बसपा की सरकारें माफियाओं को संरक्षण देती थी। योगी जी की सरकार में सारे माफिया पलायन कर गये हैं।
शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने यहां भाजपा-निषाद पार्टी की संयुक्त रैली को संबोधित किया। रैली में आई भीड़ को देखकर अमित शाह ने कहा प्रदेश भर से जो निषाद उमड़ कर आए हैं वो बताता है कि 2022 में 300 पार के साथ भाजपा और एनडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव में संजय निषाद भाजपा के साथ जुड़े और निषाद समाज गांव-गांव से निकलकर हर बूथ पर जाकर कमल का संदेश लेकर गया। शाह ने कहा कि देखते-देखते दो तिहाई बहुमत से मोदी जी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का काम किया। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मैं आप सभी को पूछना चाहता हूं कि सपा, बसपा, कांग्रेस ने कई वर्षों तक देश और प्रदेश में शासन किया, आपको क्या दिया? मोदी जी की सरकार ने गरीबों के जीवन स्तर उठाने के लिए गैस, शौचालय, घर, स्वास्थ्य बीमा जैसी अनेक सुविधाएं दी। सपा, बसपा, कांग्रेस ने कई वर्षों तक देश और उत्तर प्रदेश में शासन किया, लेकिन गरीबों के घर में न रसोई गैस पहुंची, न शौचालय बना। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा की सरकारें बनी, तो उन्होंने सिर्फ अपनी जाति के लोगों के लिए काम किया। सभी पिछड़ी जातियों, सभी गरीबों के हित में काम नरेंद्र मोदी ने किया है।
केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने आगे कहा कि वर्षों से एक अलग मंत्रालय बनाने की मांग थी। 2019 में पीएम मोदी ने पिछड़े समाज को लिए एक अलग मंत्रालय बनाकर उस मांग को पूरा किया। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में जो भाजपा सरकार बनने वाली है वो निषाद समाज के बाकी सभी एजेंडे को पूरा करने का काम करेगी। 
 

Related Posts