
नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि अब वह टीम के मुख्य बल्लेबाज के रूप में और अधिक योगदान दे सकते हैं। विराट ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में मिली हार के बाद ही टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ दी है। कोहली ने कहा कि सभी चीजों का एक कार्यकाल और समय होता है। इसलिए आपको इसकी जानकारी होनी चाहिए। लोग कह सकते हैं कि ‘इस आदमी ने यह क्या कर दिया' पर आपको पता है कि जब आप आगे बढ़ने तथा और अधिक उपलब्धियां हासिल करने के बारे में सोचते हो तो आपको फैसले लेने पड़ते हैं। अब बल्लेबाज के रूप में शायद आप टीम के लिए अधिक योगदान दे सकते हो। आप टीम को अधिक जीत दिला सकते हो। इसलिए इस पर गर्व कीजिए। साथ ही कहा कि लीडर होने के लिए आपको कप्तान होने की जरूरत नहीं है। यह सामान्य सी बात है।
उन्होंने कहा कि जब महेंद्र सिंह धोनी कप्तान नहीं थे तब भी हम उनके पास सलाह लेने के लिए जाया करते थे। इसलिए कप्तान के रुप में मैंने अपना काम कर दिया था और अब उससे आगे बढ़ने की जरुरत है। आगे बढ़ने का फैसला करना भी नेतृत्वक्षमता का हिस्सा है, समझना होगा कि इसका सही समय होता है। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को उनकी जगह सीमित ओवरों के प्रारूप में भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई है हालांकि बोर्ड ने टेस्ट फॉर्मट में उनके उत्तराधिकारी की घोषणा अभी नहीं की है।