YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

जो बीते पांच साल में यूपी में हुआ वह 70 साल में नहीं हुआ-योगी

जो बीते पांच साल में यूपी में हुआ वह 70 साल में नहीं हुआ-योगी

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले गुरुवार को अपने पांच साल के शासनकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते पांच साल में जो हुआ वह 70 सालों में नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने पूर्ववर्ती विपक्ष की सरकारों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के शासनकाल के दौरान विकास कार्यों के धन की बंदरबांट होती थी।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मीडिया से वार्ता करते हुए अपनी सरकार सरकार की उपलब्धियों गिनाते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में विकास के नाम पर पैसे की बंदरबांट होती थी। अगर आप सपा का विकास कार्य देखना चाहते हैं तो यह कहीं और नहीं दिखाई देगा, बस कब्रिस्तान की चारदीवारी में ही दिख सकता है। उन्होंने कहा कि अगर अब आपको विकास देखना है तो यह अयोध्या में नजर आएगा जिसे एक आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम और चित्रकूट धाम की परियोजनाओं में भी आप विकास देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल और गोवर्धन में भी विकास परियोजनाएं जारी हैं, पिछले पांच वर्षों के दौरान भाजपा सरकार ने 700 प्रमुख तीर्थ स्थलों और पर्यटन स्थलों के विकास का काम किया है।
मुख्यमंत्री योगी ने कानून-व्यवस्था की चर्चा करते हुए कहा कि पिछली सरकारें पुलिस सुधार करने में विफल थीं क्योंकि वे पुलिस को अपना व्यक्तिगत औजार बना कर उसका दुरुपयोग करना चाहती थीं। भाजपा की सरकार ने पुलिस सुधार में कोई कोताही नहीं बरती। हमने चार पुलिस कमिश्नरेट बनाए हैं। हर थाने और पुलिस लाइन में पुलिस कार्मिकों के लिए आवासीय व्यवस्था की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले, सत्तारूढ़ दल द्वारा पुलिस को अपने व्यक्तिगत स्वार्थों का एजेंडा बना लिए जाने की वजह से पुलिस बल में भर्तियां नहीं हो पाती थीं। मगर भाजपा की सरकार ने पुलिस के लगभग डेढ़ लाख पदों पर पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती की हैं। इसके अलावा 86,000 पुलिसकर्मियों की पदोन्नति लंबित थी जो उन्हें दी गई है। तकनीक का इस्तेमाल कर पुलिस को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में पुलिस में महिलाओं को वाजिब हिस्सेदारी दी गई है। उन्होंने दावा किया उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने हर ग्राम पंचायत में महिला बीट पुलिस अधिकारी की तैनाती की है। साथ ही ई-अभियोजन में सर्वाधिक कार्यवाही की गई। उत्तर प्रदेश में 1535 थानों में एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला हेल्प डेस्क पहले से ही स्थापित हैं। 
अपनी बात पर बल देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने दावा किया वर्ष 2007 से 2012 के बीच सत्तारूढ़ बसपा सरकार के समय दंगे की 364 घटनाएं हुई थीं। 2012 से 2017 के बीच सपा के शासनकाल में बड़े दंगों की 700 से अधिक वारदात हुई जिनमें कई लोग मारे गए। वर्ष 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद से अब तक राज्य में एक भी दंगा नहीं हुआ और ना ही कोई आतंकवादी घटना घटी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016-17 की तुलना अगर 2020-2021 से करें तो राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, अपराध के मामलों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल के दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ में 155 दुर्दांत अपराधी मारे गए और  3638 घायल हुए। श्श्इन कार्रवाइयों में पुलिस के 13 जवान शहीद हुए जबकि 1236 घायल हुए। इस दौरान गैंगस्टर एक्ट के तहत 48038 अभियुक्त गिरफ्तार हुए और 694 अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई हुई। 
 

Related Posts