YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

'भैया' टिप्पणी आप नेताओं के लिए थी, यूपी-बिहार के श्रमिकों के लिए नहीं : सीएम चन्नी 

'भैया' टिप्पणी आप नेताओं के लिए थी, यूपी-बिहार के श्रमिकों के लिए नहीं : सीएम चन्नी 

चंडीगढ़ । पंजाब विधानसभा चुनाव में ‘यूपी के भैया’ वाले बयान के बाद छिड़े घमासान के बाद आलोचनाओं का सामना कर रहे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि उनकी टिप्पणी को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। चन्नी ने पंजाब के विकास में प्रवासियों के योगदान के लिए उनकी सराहना भी की।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा भी चन्नी के बचाव में उतरीं। उन्होंने कहा कि चन्नी की टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं के हमले के बाद चन्नी ने ट्वीट किया। मोदी ने बृहस्पतिवार को पंजाब के अबोहर और उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में अपनी चुनावी रैली में चन्नी की टिप्पणी का उल्लेख किया। प्रियंका ने कहा कि चन्नी का इशारा मोदी और ‘आप’ नेता अरविंद केजरीवाल की ओर था।
कांग्रेस महासचिव ने पठानकोट में चन्नी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, ‘बहुत स्पष्ट रूप से चन्नी जी का संदर्भ नरेंद्र मोदी जी और (अरविंद) केजरीवाल जी की ओर था और उनका स्पष्ट संदर्भ था कि यहां किसी और का शासन नहीं होगा।
उन्होंने कहा था कि पंजाब में कोई बाहरी राज नहीं करेगा। इसमें गलत क्या है?’ चन्नी ने मंगलवार को कांग्रेस के एक रोड शो के दौरान लोगों से उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली के ‘भैया’ को पंजाब में नहीं घुसने देने की अपील करके एक विवाद खड़ा दिया था। उनकी यह टिप्पणी संभवत: आम आदमी पार्टी के नेताओं पर लक्षित थी, लेकिन ‘भैया’ को उत्तर प्रदेश और बिहार के उन प्रवासियों के बीच अपमानजनक शब्द माना जाता है, जो पंजाब में काम करते हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी टिप्पणी राज्य में व्यवधान पैदा करने वाले कुछ व्यक्तियों के खिलाफ थी।
उन्होंने ट्विटर पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा, ‘कल से मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। प्रवासी अपनी मेहनत से पंजाब को विकास के पथ पर ले गए हैं। उन्होंने हमेशा राज्य के विकास में योगदान दिया है।’ चन्नी ने कहा, ‘उनके लिए हमारा प्यार हमारे दिल में है और इसे कोई नहीं निकाल सकता।’
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनका इशारा अरविंद केजरीवाल, दुर्गेश पाठक और संजय सिंह जैसे ‘आप’ नेताओं की ओर था, जिन पर उन्होंने आरोप लगाया था कि वे राज्य में बाहर से अशांति पैदा करने आते हैं। उन्होंने कहा, ‘हालांकि, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और अन्य जगहों से जो लोग काम के लिए पंजाब आते हैं, उनके लिए पंजाब जितना हमारा है, उतना ही उनका है। इसलिए इसे गलत तरीके से दिखाना सही नहीं है। प्रवासी हमें प्रिय हैं।’ उन्होंने कहा कि पंजाब के कई लोग दूसरे राज्यों में भी काम करते हैं। चन्नी ने पंजाब में विभिन्न क्षेत्रों में प्रवासियों के योगदान को स्वीकार किया और उनसे खुद की तुलना ‘केजरीवाल जैसे लोगों’ से नहीं करने को कहा। उन्होंने कहा, ‘ये लोग राज्य में अराजकता फैलाने के लिए आए हैं, जबकि प्रवासी यहां विकास के लिए आते हैं।’
 

Related Posts