YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

सीएम की शपथ लेने के बाद भगवंत मान का पंजाब से वादा -एक दिन भी बर्बाद नहीं करूंगा, किया बेरोजगारी-भ्रष्टाचार से लड़ने का वादा -सीएम भगवंत मान ने आप के स्वयंसेवकों को विनम्र रहने की सलाह दी  

सीएम की शपथ लेने के बाद भगवंत मान का पंजाब से वादा -एक दिन भी बर्बाद नहीं करूंगा, किया बेरोजगारी-भ्रष्टाचार से लड़ने का वादा -सीएम भगवंत मान ने आप के स्वयंसेवकों को विनम्र रहने की सलाह दी  

एसबीएस नगर। आप नेता भगवंत मान ने स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के गांव में हजारों लोगों की मौजूदगी में पंजाब के सीएम पद की शपथ ली। उन्होंने यहां राज्य में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से लड़ने का वादा किया। शहीद भगत सिंह नगर जिले के खटकड़ कलां गांव में एक जनसभा में उन्होंने कहा, आज से ही काम शुरू हो जाएगा। हम एक दिन भी बर्बाद नहीं करेंगे। पहले ही 70 साल की देरी हो चुके है। बाद में दिन में उन्होंने चंडीगढ़ में सिविल सचिवालय जाकर पदभार ग्रहण किया। पूर्व हास्य कलाकार मान ने आप के स्वयंसेवकों को विनम्र रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, ऐसी कोई खबर नहीं आनी चाहिए कि वे अहंकारी हो गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में सिर्फ मान ने ही शपथ ली।
  इस दौरान मंच और मंच के सामने बड़ी संख्या में उपस्थित लोग पीले रंग- बसंती- पगड़ी लगाए नजर आए। बसंती रंग को अक्सर भगत सिंह के बलिदान से जोड़ा जाता है। भगत सिंह के बलिदान की याद दिलाने वाला गाना “रंग दे बसंती” भी इस दौरान समारोह स्थल पर बज रहा था। कैबिनेट के अन्य सदस्यों को बाद में शपथ दिलाई जाएगी क्योंकि ‘आप’ पंजाब विधानसभा चुनावों में मिले भारी जनादेश के बाद जनता से किए गए वादों को पूरा करना चाहती है। पार्टी, अब दिल्ली के बाद दूसरे राज्य में सत्ता में है और उसे पंजाब में हाल में हुए चुनावों में जनता ने 117 में से 92 सीटें जिताई हैं। ‘आप’ की लहर से कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन और अमरिंदर सिंह की लोक कांग्रेस पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जैसी पार्टियों का सफाया हो गया। मान राज्य के 28वें मुख्यमंत्री हैं। 
अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सरकार के मंत्री भी कार्यक्रम में पीली पगड़ी पहने नजर आए। ‘आप’ के नवनिर्वाचित विधायक भी कार्यक्रम में पहुंचे। मान की बेटी 21 वर्षीय सीरत मान और 17 वर्षीय बेटे दिलशान मान समारोह में शामिल होने अमेरिका से यहां पहुंचे थे। मान का 2015 में पत्नी से अलगाव होने के बाद दोनों बच्चे अपनी मां के साथ रहने चले गए थे। पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने 48 वर्षीय मान को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मान ने पंजाबी में शपथ ली। मान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बधाई दी साथ ही आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए उनकी सरकार के साथ मिलकर काम करेगी। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर भगवंत मान को बहुत बधाइयां। पंजाब के विकास और राज्य की जनता के कल्याण के लिए हम साथ मिलकर काम करेंगे।” तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनाइक ने भी मान को शुभकामनाएं दीं। ‘आप’ प्रमुख केजरीवाल ने ट्वीट किया, “मुझे यकीन है कि आपके नेतृत्व में पंजाब में समृद्धि लौटेगी, बहुत तरक्की होगी और लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। भगवान तुम्हारे साथ है।” कई विपक्षी नेताओं ने भी मान को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। गिद्दड़बाहा कांग्रेस विधायक अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने मान को बधाई देते हुए ट्वीट किया, “मुझे उम्मीद है कि आप पंजाब के लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।” पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता मनप्रीत सिंह बादल ने भी मान को बधाई दी।
 

Related Posts