YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

कश्मीर पर दिए बयान के बाद खटाई में आया चीनी विदेशमंत्री का भारत दौरा 

कश्मीर पर दिए बयान के बाद खटाई में आया चीनी विदेशमंत्री का भारत दौरा 

नई दिल्ली । जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर भारत के कड़े रुख के बाद चीनी विदेश मंत्री वांग यी का भारत दौरा खटाई में पड़ता दिख रहा है। दरअसल चीन की तरफ से खुद उनके विदेश मंत्री के भारत दौरे का प्रस्ताव रखा गया था। लेकिन भारत के कड़े रुख ने चीन को बड़ा संदेश दिया है। चीनी विदेश मंत्री को शुक्रवार को भारत आना था, लेकिन इसके अब कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। इस बीच तालिबान की तरफ से जानकारी दी गई है कि वांग यी काबुल पहुंच गए हैं। यह उनका पहला अफगान दौरा है।
वांग यी ओआईसी की मीटिंग में शामिल होने के लिए पाकिस्तान गए थे। स्पेशल गेस्ट के रूप में यह उनका दो दिन का दौरा था। इसके बाद 25 मार्च से 27 मार्च के बीच उन्हें नेपाल जाना है। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान और नेपाल दौरे के बीच चीनी विदेश मंत्री को भारत आना था। लेकिन अबतक इस पर कोई साफ जानकारी सरकार या चीन की तरफ से नहीं दी गई है। 
बता दें कि चीनी विदेश मंत्री अगर भारत आते, तब यह बड़ा दौरा माना जाता। इसकी वजह यह थी कि मई 2020 में लद्दाख गतिरोध शुरू हुआ था उसके बाद से किसी भी चीन के सीनियर नेता को भारत आने का न्यौता नहीं दिया गया था और ना ही चीन की तरफ से ऐसी कोई कोशिश हुई थी। 
ओआईसी की बैठक में पाकिस्तान ने जोर-शोर से कश्मीर का मुद्दा उठाया था। इस दौरान बैठक में शामिल चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा, कश्मीर पर आज हमने फिर से कई इस्लामिक दोस्तों की बातों को सुना। इस मुद्दे पर चीन को भी यही उम्मीदें हैं। 
चीनी विदेश मंत्री की टिप्पणी पर भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से बयान जारी किया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने भारत के बयान को अपने ट्विटर अकाउंट पर साझा किया। बयान में कहा गया कि हम उद्घाटन समारोह (ओआईसी बैठक के) में चीनी विदेश मंत्री वांग यी के भाषण में भारत के अनावश्यक संदर्भ की आलोचना करते हैं। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से जुड़े मसले पूर्ण रूप से भारत के आंतरिक मामले हैं। इस पर चीन या दुनिया के किसी अन्य देश को टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। इन देशों को ये देखना चाहिए कि भारत किसी भी देश के आंतरिक मामले में टिप्पणी नहीं करता है। 
 

Related Posts