YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन

सोनिया गांधी के पुन: कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने की उठी मांग

सोनिया गांधी के पुन: कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने की उठी मांग

 देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस इन दिनों नेतृत्व संकट से जूझ रही है। लोकसभा चुनाव में शर्मनाक पराजय के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। तबसे असमंजस की स्थिति से जूझ रही कांग्रेस से अब नई जानकारी सामने आ रही है। सूत्रों के हवाले से खबर कि पार्टी के कुछ नेता चाहते हैं कि एक बार फिर कांग्रेस की कमान सोनिया गांधी के हाथों में सौंप देनी चाहिए। ऐसा बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद पार्टी के हालातों को देखते हुए कांग्रेस के कुछ नेताओं ने सोनिया गांधी से दोबारा कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभालने की अपील की है, हालांकि सोनिया गांधी ने इस मामले पर बोलने से मना कर दिया है। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस पार्टी को मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। लंबे नाटक के बाद कांग्रेस पार्टी को आखिरकार राहुल गांधी का इस्तीफा मंजूर करना पड़ा था। राहुल गांधी ने इससे पहले कांग्रेस वर्किंग कमेटी को नया अध्यक्ष चुनने के लिए 1 महीने का समय भी दिया था लेकिन कांग्रेस वर्किंग कमेटी ऐसा नहीं कर सकी और कांग्रेस नेताओं द्वारा बार बार राहुल गांधी से पद पर बने रहने की गुहार लगाई गई। राहुल गांधी ने अपने इस्तीफे के दौरान कहा था कि कांग्रेस का अध्यक्ष नेहरू-गांधी परिवार से बाहर का व्यक्ति बने। लेकिन पार्टी के भीतर के लोगों ने बार बार प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी का ही नाम लिया। अब सोनिया गांधी को दोबारा कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की खबर ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि कांग्रेस में गांधी परिवार से बाहर अध्यक्ष बनाने को लेकर अभी तक कोई सहमति नहीं बन सकी है। 

Related Posts