YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल वेस्ट

राउत ने गोवा में भाजपा को झटका देने का किया इशारा कांग्रेस बोली- हम विपक्ष में ही सही

राउत ने गोवा में भाजपा को झटका देने का किया इशारा कांग्रेस बोली- हम विपक्ष में ही सही

राउत ने गोवा में भाजपा को झटका देने का किया इशारा
कांग्रेस बोली- हम विपक्ष में ही सही
 महाराष्ट्र में शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस की सरकार बनने के बाद शिवसेना के हौंसले बुलंद हैं। शिवसेना नेता संजय राउत ने शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र की तरह गोवा में भी विपक्षी गठबंधन कर भाजपा सरकार को झटका देने का इशारा किया पर कुछ घंटे बाद ही यह दावा दरकने लगा। गोवा में विपक्षी दलों के गठबंधन का विचार पेश करने के कुछ घंटे बाद ही राज्य कांग्रेस ने भाजपा सरकार को गिराने के लिए किसी भी गठबंधन में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया। ज्ञात हो कि महाराष्ट्र में शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर ही सरकार बनाई है। गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने कहा कि उनकी पार्टी सरकार गिराने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों की खरीद-फरोख्त के प्रयास के बजाय विपक्ष में बैठने को तरजीह देगी। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से पार्टी के नेता गदगद हैं। संजय राउत के ट्वीट पहले से भी तंज भरे हैं। शुक्रवार सुबह भी उन्होंने ऐसा ही एक ट्वीट किया, 'हम शतरंज में कुछ ऐसा कमाल करते हैं कि बस पैदल ही राजा को मात करते हैं।' इससे पहले गुरुवार शाम में उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के करीब 3 घंटे के भीतर ही राउत ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसा था।
राउत ने चुटीले अंदाज में कहा, 'महाराष्ट्र में विरोधी पक्ष ही नहीं रहेगा, यह दावा करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विरोधी दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई।' शुक्रवार सुबह उन्होंने पत्रकारों से कहा कि गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष और राज्य के पूर्व डेप्युटी सीएम विजय सरदेसाई अपने तीन विधायकों को लेकर शिवसेना के साथ गठबंधन करने जा रहे हैं। गोवा में एक नया राजनीतिक फ्रंट आकार ले रहा है, जैसा कि महाराष्ट्र में हो चुका है। जल्द ही गोवा में आपको एक चमत्कार दिखाई देगा। राउत ने यूं गोवा में भाजपा को झटका देने का इशारा किया तो सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। हालांकि अब गोवा कांग्रेस ने इससे दूरी बना ली है। राज्य में पार्टी के अध्यक्ष चोडनकर ने कहा, 'मुझे गोवा में भाजपा सरकार को गिरता देख खुशी होगी। लेकिन ऐसी कोई संभावना नहीं है क्योंकि भाजपा को (40 सदस्यीय विधानसभा में) 30 विधायकों का समर्थन हासिल है। मैं सरकार को गिराने के बजाय विपक्ष में बैठने को प्राथमिकता दूंगा।' राउत ने भाजपा के पूर्व सहयोगी दलों महाराष्ट्र गोमांतक पार्टी (एमजीपी) और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के नेताओं से इस मुद्दे पर बात की थी। जीएफपी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई ने शिवसेना के प्रस्ताव का समर्थन किया और एमजीपी के सुदीन धवलीकर ने भी कहा था कि ऐसा गठबंधन संभव है। 
 

Related Posts