YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल

झारखंड विधानसभा चुनाव- दूसरे चरण के लिए 20 सीटों पर मतदान जारी

झारखंड विधानसभा चुनाव- दूसरे चरण के लिए 20 सीटों पर मतदान जारी

 झारखंड विधानसभा चुनाव- दूसरे चरण के लिए 20 सीटों पर मतदान जारी 
मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी जोश और उत्साह
 झारखंड में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए 20 सीटों पर मतदान चल रहा है। मतदान को लेकर लोगों में सुबह से भारी उत्साह देखा गया। सिमडेगा के कुछ बूथों पर बिजली की व्यवस्था नहीं होने के कारण मोमबत्ती और मोबाइल की रोशनी में वोट डाले जा रहे हैं। वहीं, मतदान का समय होने पर कुछ बूथों से ईवीएम खराबी की भी खबरें आईं, लेकिन उन्हें सुधारकर मतदान शुरू करा लिया गया है। पूर्वी और पश्चिमी जमशेदपुर को छोड़कर बाकी 18 सीटों पर सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। जबकि इन दोनों सीटों (पूर्वी और पश्चिमी जमशेदपुर) पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इस चरण में 18 सीटें नक्सल प्रभावित हैं। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं।
सुबह 9 बजे तक हुआ मतदान का प्रतिशत :
घाटशिला-14.10 प्रतिशत, बहरागोड़ा-16.30 प्रतिशत, पोटका-14.9 प्रतिशत, चाईबासा13.31 प्रतिशत, जुगसलाई-14.8 प्रतिशत, जमशेदपुर ईस्ट-13.2 प्रतिशत, जमशेदपुर वेस्ट-13.3 प्रतिशत, जगन्नाथपुर-12.9 प्रतिशत, सिमजेगा-11.48 प्रतिशत, कोलेबिरा-12.04 प्रतिशत। 
सुबह-सुबह कई दिग्गजों ने भी अपना वोट डाला है। जमशेदपुर के बिष्टुपुर में निर्दलीय प्रत्याशी सरयू राय ने केएमपीएम वोकेशनल कॉलेज सेंटर के बूथ संख्या- 155 पर जाकर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा वोट कास्ट करने की अपील की। सरयू राय ने कहा कि शहरी क्षेत्र में आम तौर पर काफी कम मतदान होता है और उस परंपरा को तोड़ने की जरूरत है। उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने चक्रधरपुर में अपने पैतृक गांव टोकलो के बूथ नंबर 74 पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कोल्हान के सभी 14 सीटों पर भाजपा की जीत का दावा किया। सिमडेगा में भाजपा प्रत्याशी श्रद्धानन्द बेसरा ने बाघचट्टा के बूथ में मतदान किया। सिमडेगा में ही जदयू के मोहन कच्छप ने भी मतदान किया। कोलेबिरा में कांग्रेस प्रत्याशी विक्सल कोंगाड़ी ने भी वोट डाला। उन्होंने कई बूथों पर रोशनी की व्यवस्था नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने पत्नी के साथ सिसई विधानसभा के मुरगु गांव स्थित बूथ नंबर 69 पर मतदान किया। वे भाजपा के सिसई से उम्मीदवार हैं। चाईबासा में भाजपा प्रत्याशी जेबी तुबिद अपनी पत्नी व पूर्व मुख्य सचिव राजबाला वर्मा के साथ मतदान किया। सिमडेगा में आइरीन एक्का ने अपने गांव में मतदान किया। वो कोलेबिरा से झारखंड पार्टी की उम्मीदवार हैं। आइरीन ने अपने गांव करजी डांड़ में मताधिकार का प्रयोग किया। 
दूसरे चरण में कुल 48 लाख 25 हजार मतदाता 260 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें कई दिग्गज भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा के बागी सरयू राय, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, स्पीकर दिनेश उरांव, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व मंत्री राजा पीटर और पूर्व नक्सली कुंदन पाहन की किस्मत इस चरण में तय होगी। कुल 260 प्रत्याशियों में 231 पुरुष और 29 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। दूसरे चरण में भाजपा के 20, कांग्रेस के छह, जेएमएम के 14 और झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा अन्य प्रमुख दलों में बसपा के 14, सीपीएम और सीपीआई के तीन, एनसीपी का एक, तृणमूल कांग्रेस के छह और 73 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव में ताल ठोक रहे हैं।
इन सीटों पर हो रहा है मतदान- 
1-जगन्नाथपुर, 2-मनोहरपुर, 3-चक्रधरपुर, 4-तमाड़, 5-मांडर, 6-तोरपा, 7-खूंटी, 8-सिसई, 9-सिमडेगा, 10-बहरागोड़ा, 11- घाटशिला, 12-पोटका, 13-जुगसलाई, 14-जमशेदपुर पूर्वी, 15- जमशेदपुर पश्चिमी, 16-सरायकेला, 17-खरसावां, 18-चाईबासा, 19-मझगांव, 20-कोलेबिरा।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के 5784 मतदान केन्द्रों में 1844 को अतिसंवेदनशील घोषित किया है। इन बूथों पर भारी संख्या में केंद्रीय बलों के साथ-साथ राज्य पुलिस की भी तैनाती की गई है। इस चरण में पहली बार तीन विधानसभा क्षेत्र, चाईबासा, जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी के लिए बूथ ऐप की शुरुआत होगी। बूथ ऐप के जरिए मतदाता ने केवल अपने मतदान केन्द्रों की जानकारी ले पाएंगे, बल्कि उन्हें वोट डालने के लिए लंबी कतार में लगने से भी छुटकारा मिलेगा।
चुनाव में ड्यूटी के लिए आए एएसआई की हार्टअटैक से मौत-
उधर, बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के पाचांडो कलस्टर में चुनावी ड्यूटी के लिए आए एएसआई की हार्टअटैक से मौत हो गई। एएसआई हरिचंद्र गिरी शुक्रवार रात को खाना खाकर सोये और सुबह जगाने पर भी नहीं जगे। जिसके बाद उन्हें बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


 

Related Posts